LOADING...
मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें, पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें
मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें फैलने के बाद पंप पर जुटे लोग

मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहें, पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें

लेखन आबिद खान
Mar 25, 2026
10:29 am

क्या है खबर?

ईरान युद्ध के चलते देश के कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह ने हड़कंप मचा दिया है। खासतौर पर मध्य प्रदेश के कई शहरों में बीती रात पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद इंदौर, देवास से लेकर कई बड़े शहरों में शाम से ही पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई और अव्यवस्था फैल गई। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

इंदौर

इंदौर के दर्जनों पंपों पर भारी भीड़, कलेक्टर ने की ये अपील

इंदौर में बीती शाम 30 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर भीड़ जुटना शुरू हो गई। कई जगह पंप कर्मचारी और ग्राहकों के बीच बहस भी हुई। पैनिक बाइंग के चलते कुछ पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया, जिससे घबराहट और बढ़ गई। जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। अव्यवस्था बढ़ने पर इंदौर कलेक्टर ने अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

मालवा

आगर मालवा, शाजापुर में भी फैली अफवाह

आगर मालवा जिले में भी दोपहर बाद से पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी गई। किसान ट्रैक्टरों पर बड़े-बड़े ड्रम और केन लेकर डीजल लेने पहुंच गए। कलेक्टर प्रीति यादव ने वीडियो जारी कर लोगों को ईंधन की पर्याप्त मात्रा होने का आश्वासन दिया। शाजापुर में भी पेट्रोल-डीजल को लेकर हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि यहां के कुछ पंप ने कंपनी को अग्रिम भुगतान नहीं किया था, इसलिए कंपनी ने उनकी आपूर्ति रोक दी।

Advertisement

मंदसौर

देवास में पेट्रोल पंप पर चले लात-घुंसे

मंदसौर और नीमच में भी सैकड़ों लोग गाड़ियां लेकर पंपों पर पहुंच गए, जिसके चलते कुछ पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया। इसके बाद पंप बंद कर दिए गए। वहीं, देवास जिले के चौबाराधीरा गांव में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पंप पर पहुंच गए, जिससे धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों में लात-घूंसे चलने लगे।

Advertisement

गुजरात

गुजरात के भी कुछ शहरों में फैली अफवाह

गुजरात में अहमदाबाद से लेकर वडोदरा, गांधीनगर, सूरत और राजकोट के कई पेट्रोल पंप पर लंबी लाइनें देखी गईं। देर रात तक पंपों पर अफरा-तफरी की स्थिति रही। स्थिति बिगड़ने पर उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री ने भी अफवाहों से दूर रहने की अपील की। राजकोट में तो पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल चुडासमा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। तेल कंपनियों ने भी स्टॉक को लेकर बयान जारी किए।

Advertisement