खाली हो रहे देश के जलाशय! सिर्फ 39 प्रतिशत पानी बचा, गंभीर जल संकट की आहट
देश के बड़े जलाशयों में पानी का स्तर काफी नीचे चला गया है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, आधे से ज्यादा जलाशयों में अब 40 प्रतिशत से भी कम पानी बचा है।
अगर देशभर के जलाशयों की बात करें तो उनकी कुल क्षमता का महज 39 प्रतिशत पानी ही रह गया है। यह आंकड़ा पिछले कुछ सालों के औसत से काफी नीचे है और लगातार जारी गर्मियों की तपिश के बीच एक बड़ी चिंता का विषय है।
दक्षिण राज्यों पर भारी संकट, पूर्व में स्थिति चिंताजनक
सबसे ज्यादा बुरी हालत दक्षिण भारत के राज्यों की है। इस क्षेत्र के 47 जलाशयों में महज 28 प्रतिशत पानी बचा है। वहीं, तेलंगाना में हालात और भी गंभीर हैं, जहां जलाशयों में सिर्फ 21 प्रतिशत पानी दर्ज किया गया है। पूर्वी राज्यों में भी स्थिति कुछ खास बेहतर नहीं है। उदाहरण के लिए, पश्चिम बंगाल के जलाशयों में सिर्फ 12 प्रतिशत और असम में लगभग 18 प्रतिशत पानी ही बचा है। हालांकि, उत्तर और पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में थोड़ी बेहतर स्थिति है, लेकिन महाराष्ट्र जैसे राज्य भी जल संकट से जूझ रहे हैं। अगर यही रुझान जारी रहा, तो कई इलाकों में आने वाले समय में पानी का संकट और गहरा सकता है।