केंद्र सरकार का CJP पर बड़ा आरोप, विदेशों से भारत-विरोधी धन प्राप्त करने का दावा
क्या है खबर?
देश में राजनीतिक व्यंग्य करने वाले समूह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। केंद्र सरकार का दावा है कि CJP को भारत में अराजकता फैलाने के लिए विदेशों और पाकिस्तान से गैर-कानूनी धन मिल रहा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने CJP के प्रवक्ताओं को पूछताछ के लिए तलब भी किया है, जिससे यह पूरा विवाद अब कानूनी रूप ले चुका है।
दावा
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने किया बड़ा दावा
NDTV के अनुसार, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि CJP को भारत-विरोधी गैस सरकारी संस्था (NGO) और विदेशी ताकतों द्वारा धन मुहैया कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को अमेरिका स्थित दानदाताओं से भी पैसे मिल रहे हैं। इसी तरह संगठन के रणनीतिकार आशुतोष रांका को पाकिस्तानी राजनेताओं से भुगतान मिल रहा है।"
जानकारी
भारत के खिलाफ झूठी कहानी तैयार करने का आरोप
केंद्रीय मंत्री सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि विदेशी धन वाले NGO और डीप स्टेट के लोग मिलकर भारत के खिलाफ एक झूठी कहानी (नैरेटिव) तैयार कर रहे हैं। इसका एक ही मकसद है कि किसी भी तरह भारत को अस्थिर किया जाए।
आरोप
त्योहारी सीजन में अराजकता फैलाने की योजना का आरोप
भाजपा प्रवक्ता तुहिन ए सिन्हा ने कहा कि पिछले एक महीने में CJP की सभी रणनीतियां देश में विद्रोह और अराजकता पैदा करने के लिए थीं। वह भी तब, जब राजधानी में त्योहारों का माहौल है। इसके पीछे उनका इरादा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण था।
सिन्हा ने CJP की तुलना कांग्रेस से करते हुए कहा कि दोनों ही इस समय न्यायपालिका के खिलाफ युद्ध लड़ रहे हैं।
उन्होंने राहुल गांधी द्वारा नकली महाभियोग करने पर भी तीखा हमला बोला है।
जानकारी
वैश्विक स्तर पर छवि खराब करने की कोशिश
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह सब भारत के लोकतांत्रिक संस्थानों को कमजोर करने और दुनिया भर में देश की साख को बट्टा लगाने के लिए एक सोची-समझी योजना का हिस्सा है, लेकिन सरकार उन्हें कामयाब नहीं होने देगी।
कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने CJP नेताओं को किया तलब
इधर, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका को आज ही पूछताछ के लिए तलब किया है।
इन दोनों पर सरकारी निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने, बिना अनुमति जंतर-मंतर में प्रवेश करने और किसी अन्य पार्टी की संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप है।
यह समन तब आया है जब संगठन के नेतृत्व ने दिल्ली में सड़कों पर अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू करने के बाद से कानूनी वादे तोड़े हैं।
हिरासत
दास और रांका को किया जा चुका है गिरफ्तार
इससे पहले 10 अक्टूबर को सौरव दास और रांका को हिरासत में लिया गया था और 50,000 रुपये के निजी मुचलके तथा साल भर तक शांति भंग न करने के लिखित आश्वासन के बाद छोड़ा गया था।
हालांकि, आरोप है कि महज 72 घंटे बाद 13 अक्टूबर को इन्होंने बैरिकेड्स तोड़कर और जंतर-मंतर के ताले लगे गेट फांदकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की थी।
CJP
कौन हैं अभिजीत दिपके और क्या है CJP?
बोस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में ग्रेजुएट अभिजीत दिपके ने इसी साल मई में अमेरिका में रहते हुए CJP की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल तैयार किए थे, जिसे उन्होंने केवल एक 'राजनीतिक व्यंग्य' बताया था।
रिपोर्टों के अनुसार, दिपके 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े रहे थे और उन्होंने पार्टी की सोशल मीडिया टीम के लिए बतौर वॉलंटियर काम किया था। उसके बाद उन्होंने CJP ग्रुप बनाया है।
पलटवार
विपक्ष ने किया पलटवार
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने केंद्र के इन विदेशी धन के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, "अगर भाजपा और गृह मंत्री कह रहे हैं कि विदेशी ताकतें पैसा दे रही हैं और वे एक कागज का टुकड़ा या सबूत का एक कतरा भी पेश नहीं कर पा रहे हैं, तो यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और RAW की क्षमता पर सवाल उठाता है?"