CBSE 2026 12वीं के नंबरों से नाखुश? 6 जून तक बदल सकते हैं परिणाम, नंबर बढ़े तो फीस वापस!
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं क्लास के उन छात्रों के लिए री-इवैल्यूएशन पोर्टल खोल दिया है, जो अपने 2026 बोर्ड परीक्षा के नतीजों से संतुष्ट नहीं हैं। अगर आपको लगता है कि आपके नंबरों में कहीं कोई गड़बड़ हुई है, तो आप 6 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह पूरा काम बहुत सीधा और आसान है। इसमें आपको अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन की हुई कॉपी लेनी होगी, फिर जिन सवालों की दोबारा जांच करवानी है, उन्हें चुनना होगा और पोर्टल पर ही तय फीस जमा करनी होगी।
फीस: प्रति विषय 100 रुपये, प्रति प्रश्न 25 रुपये
इस बार बोर्ड ने फीस का एक नया ढांचा तय किया है। अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन की हुई कॉपी लेने या अपने कुल अंकों की जांच करवाने के लिए आपको प्रति विषय 100 रुपये देने होंगे। वहीं, अगर आप किसी खास सवाल की दोबारा जांच करवाना चाहते हैं, तो उसके लिए 25 रुपये प्रति प्रश्न लगेंगे। एक राहत की खबर यह भी है कि अगर री-इवैल्यूएशन के बाद आपके नंबर बढ़ते हैं, तो बोर्ड उन सवालों के लिए ली गई फीस आपको वापस कर देगा। सबसे जरूरी बात यह है कि आपके अंकों में जो भी बदलाव होगा, चाहे वह बढ़े या घटे, उसे ही आखिरी माना जाएगा। इसके बाद नए अंकों को आपकी आधिकारिक मार्कशीट में अपडेट कर दिया जाएगा।