CBSE 12वीं परिणाम: 'जल्द आएगा' से छात्र हुए बेचैन, बोर्ड से मांगी पक्की तारीख
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अभी तक 2026 की 12वीं कक्षा के नतीजों की तारीख का ऐलान नहीं किया है, जिससे छात्र परेशान हैं। पहले 30 अप्रैल तक नतीजे आने की उम्मीद थी, फिर मई के तीसरे हफ्ते तक आने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक नतीजों की कोई तय तारीख और समय सामने नहीं आया है। ऐसे में छात्र पक्की तारीख बताने की मांग कर रहे हैं।
परिणाम के लिए छात्रों ने CBSE से की अपील
कई छात्रों का कहना है कि CBSE के 'जल्द आ रहा है' जैसे अस्पष्ट अपडेट उनकी चिंता और बढ़ा रहे हैं। उनकी यह चिंता इसलिए भी बढ़ रही है, क्योंकि 10वीं कक्षा के नतीजे 15 अप्रैल को ही आ गए थे और कुछ दिन पहले ही डिजीलॉकर पर इसके संकेत भी मिल गए थे कि 12वीं के नतीजे भी जल्द आएंगे। कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया और प्रवेश परीक्षाएं भी जल्द शुरू होने वाली हैं, ऐसे में छात्र CBSE से नतीजों की एक तय तारीख बताने की मांग कर रहे हैं, ताकि वे अपनी आगे की योजना बना सकें और थोड़ी राहत महसूस कर सकें।