LOADING...
CBSE ने ऑनलाइन मार्किंग पोर्टल को लेकर गलतियां मानी, कहा- विशेषज्ञ तैनात किए
CBSE ने ऑन स्क्रिन मार्किंग पोर्टल को लेकर अपनी गलतियां स्वीकार की हैं

CBSE ने ऑनलाइन मार्किंग पोर्टल को लेकर गलतियां मानी, कहा- विशेषज्ञ तैनात किए

लेखन आबिद खान
May 31, 2026
03:39 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) को लेकर चल रहे विवाद के बीच आखिरकार चुप्पी तोड़ी है। बोर्ड ने कहा है कि सार्वजनिक रूप से चिंताएं उठाए जाने के बाद वे अपने सेवा प्रदाता के OSM पोर्टल में पाई गई खामियों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। बोर्ड ने बताया कि सरकारी एजेंसियों और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) के विशेषज्ञ सुरक्षा को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।

बयान

CBSE ने क्या कहा?

CBSE ने कहा, 'हम अपने सेवा प्रदाता के ऑनमार्क पोर्टल में मौजूद उन कमजोरियों पर करीब से नजर रख रहे हैं, जिनके बारे में सार्वजनिक तौर पर बताया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में सरकार के अलग-अलग विभागों और IIT से विशेषज्ञों की एक एक्सपर्ट टीम को प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए लगाया गया है। जिन कमजोरियों की पहचान की गई थी, उन्हें ठीक कर दिया गया है और दूसरी कमजोरियों की भी जांच की जा रही है।'

हैकर्स

एथिकल हैकर्स ने उजागर की थी खामियां

हाल ही में 19 वर्षीय एथिकल हैकर निसर्ग अधिकारी ने दावा किया था कि CBSE पोर्टल पर संग्रहीत उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्र सार्वजनिक रूप से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा था कि इन खामियों के चलते परीक्षकों के खातों और अन्य संवेदनशील कार्यों तक अनधिकृत पहुंच संभव हो सकती है। इसके बाद सोशल मीडिया पर ये मुद्दा खूब उठा था। हालांकि, शुरुआत में CBSE ने इन आरोपों को खारिज किया था।

Advertisement