रणबीर कपूर नहीं ले पाएंगे अरुण गोविल की जगह? दिग्गज अभिनेता ने साफ-साफ कही ये बात
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में जैसे ही रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार के लिए चुना गया, कुछ दर्शकों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। हाल ही में कालजयी 'रामायण' में प्रभु राम का अमर किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता अरुण गोविल ने इस पर बात की। उन्होंने साफ-साफ कह दिया कि जनता के दिलों में उनका चेहरा इस कदर बस चुका है कि लोग अब किसी और को इस रूप में देखना ही नहीं चाहते।
कारण
रणबीर को 'राम' के रूप में क्यों स्वीकार नहीं कर पा रहे लोग?
वैराइटी इंडिया को दिए एक हालिया इंटरव्यू में अरुण ने भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की कास्टिंग पर हो रहे चौतरफा विरोध पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि सालों से राम के किरदार के रूप में उनका चेहरा ही एक 'मानक' बन चुका है। दर्शक अक्सर किसी भी नए बदलाव को इतनी आसानी से स्वीकार नहीं कर पाते। उनके लिए भगवान राम के रूप में मेरा अभिनय और मेरा चेहरा ही एक कसौटी बन चुका है।
पहचान
"मेरा चेहरा आज भी लोगों के दिलों-दिमाग में जिंदा है"
अरुण बोले, "राम के अवतार में मेरा चेहरा आज भी लोगों के दिलों-दिमागों में पूरी तरह जिंदा है। कोई भी किसी दूसरे राम को नहीं देखना चाहता। आप जानते हैं, मेरी 'रामायण' आज भी किसी न किसी समय, कहीं न कहीं टीवी पर चलती ही रहती है। आज भी उत्तर और मध्य भारत में जब भी मेले या तमाशे (नाटक) होते हैं और वहां भगवान राम की तस्वीरें बेची जाती हैं, तो उन पर मेरा ही चेहरा होता है।"
अवतार
रणबीर के अवतार पर बोले अरुण गोविल
जब अरुण से रणबीर के 'भगवान राम' के लुक और अवतार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "राम के रूप में मैं उनके बारे में आपको कुछ नहीं बता पाऊंगा, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि वो एक बेहतरीन अभिनेता और एक बेहतरीन इंसान हैं। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है हर अभिनेता हर किरदार को अपने तरीके से निभाता है और उन्होंने भी भगवान राम के इस रूप को अपने ही अनोखे अंदाज में निभाया होगा।"
किरदार
पुरानी 'रामायण' के 'राम' अब बनेंगे राजा दशरथ
अरुण ने रामानंद सागर की 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका निभाई थी, जो 1987-88 के दौरान दूरदर्शन पर प्रसारित हुई थी और आज भी भारत की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली टीवी सीरीज है। उधर नितेश तिवारी की 'रामायण' में रणबीर 'राम', साई पल्लवी 'सीता' और यश 'रावण' के किरदार में नजर आएंगे। 3 दशक पहले 'राम' बनकर देश के चहेते बने अरुण भी इस फिल्म का हिस्सा हैं, जो इस गार राजा दशरथ की भूमिका में दिखाई देंगे।