महाराष्ट्र: परीक्षा में शामिल हुए बिना आयकर विभाग में काम कर रहे थे 9 अधिकारी, गिरफ्तार
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के नागपुर में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की अनिवार्य परीक्षा में शामिल हुए बिना आयकर विभाग में काम कर रहे नौ अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।
CBI की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने सोमवार को इन अधिकारियों को गिरफ्तार किया।
यह मामला 2018 में प्रकाश में आया था। तब आरोप लगाया गया था कि कुछ कर्मचारी और अधिकारी SSC की परीक्षा में शामिल हुए बिना ही आयकर विभाग में भर्ती हो गए हैं।
फर्जीवाड़ा
अरोपियों ने परीक्षा में अपनी जगह बैठाए थे डमी उम्मीदवार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी 2012-2014 की भर्ती परीक्षाओं में शामिल नहीं हुए थे और अपनी जगह डमी उम्मीदवारों को इस परीक्षा में बैठाया था। इस तरह इन आरोपियों ने SSC को धोखा दिया और आयकर विभाग में मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) और आशुलिपिक के पद पर भर्ती हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकी यादव, अनिल कुमार, राहुल कुमार, अभय कुमार, मुकेश कुमार, चंदन कुमार, मनोज कुमार, प्रदीप कुमार और मनीष कुमार के रूप में हुई है।
जांच
ऐसे पकड़ में आया मामला
ANI के मुताबिक, इन उम्मीदवारों की उत्तर पुस्तिकाओं, हस्ताक्षर, अंगूठे के निशान वाले कागजातों और अन्य भर्ती दस्तावेजों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था।
इस जांच में सामने आया कि आरोपित 12 में से नौ उम्मीदवार SSC परीक्षा में खुद उपस्थित नहीं हुए थे।
सभी आरोपियों को IPC की धारा 120B R/W, 416, 417, 420, 464, 465, 468, 471 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) R/W13(1)(D) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
बयान
पुलिस कस्टडी में भेजे गए आरोपी
CBI भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक संदीप चोगले ने मामले पर बयान जारी करते हुए बताया, "आयकर विभाग में फर्जीवाड़ा करके नियुक्त हुए नौ अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों को CBI की विशेष अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें नागपुर पुलिस की हिरासत में भेजा गया है। इस मामले की जांच जारी है।"
नागपुर पुलिस उप महानिरीक्षक एमएस खान के निर्देशन में मामले की जांच चल रही है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
SSC की स्थापना 1977 में एक भर्ती बोर्ड के रुप में की गई थी। यह केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के ग्रुप बी और सी पदों के लिए भर्ती आयोजित कराता है। SSC कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DOPT) के अंतर्गत आता है।