Page Loader
आंध्र प्रदेश: फिर बढ़ा रहस्यमयी बीमारी का प्रकोप, बीमार हुए 20 लोग

आंध्र प्रदेश: फिर बढ़ा रहस्यमयी बीमारी का प्रकोप, बीमार हुए 20 लोग

Jan 22, 2021
04:32 pm

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के एलरू कस्बे में पिछले साल दिसंबर में सामने आई रहस्यमयी बीमारी ने एक बार फिर से दस्तक दे दी है। अब पश्चिम गोदावरी जिले के डेंडुलुरु मंडल के कोमिरपल्ली गांव में 20 से अधिक लोग इस बीमारी की चपेट में आ गए हैं। इनमें से आठ को एलरू के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है और उनके स्वास्थ्य पर पैनी नजर रखी जा रही है। जिले में रहस्यमयी बीमारी ने चिकित्सा अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है।

पृष्ठभूमि

दिसंबर में रहस्यमयी बीमारी की चपेट आए थे 648 लोग

बता दें कि पिछले साल दिसंबर में एलरू कस्बे में करीब 648 लोग इस रहस्यमयी बीमारी की चपेट में आए थे। उसमें मरीजों को मिर्गी के दौरे, अचानक से बेहोश होना, कंपकपी, मुंह से झाग आना और शरीर में तेज दर्द होने की शिकायत हुई थी। क्षेत्र में एक सप्ताह तक इस बीमारी का प्रकोप रहा था। उसके बाद केंद्र सरकार ने दिल्ली से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम को एलरू भेजा था। टीम ने वहां पहुंचकर सैंपल जुटाए थे।

ताजा स्थिति

गुरुवार को 13 लोगों में सामने आए रहस्यमयी बीमारी के लक्षण

TOI के अनुसार गुरुवार रात को कोमिरपल्ली गांव में 13 लोग इस रहस्यमयी बीमारी की चपेट में आ गए थे। सभी को ऐंठन, मिर्गी के दौरे, चक्कर आना और अचानक बेहोश होने की शिकायत हुई थी। इसी तरह कुछ मरीजों को उल्टी की शिकायत भी हुई थी। शुक्रवार सुबह तक मरीजों की संख्या 20 से ऊपर पहुंच गई। इनमें से आठ को एलुरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से अब दो की हालत खतरे से बाहर है।

बयान

सभी मरीजों में सामने आए रहस्यमयी बीमारी के लक्षण- मोहन

एलरू सरकारी अस्पताल में अधीक्षक डॉ एवीआर मोहन ने बताया कि अस्पताल में भर्ती कराए गए सभी मरीजों को दिसंबर में सामने आई रहस्यमयी बीमारी के लक्षण सामने आए हैं। आठ मरीजों में से छह की हालत अभी स्थित बनी हुई है, जबकि दो की हालत अब खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि छह मरीजों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। बीमारी के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। चिकित्सा टीम को गांव भेजा गया है।

दौरा

विधायक ने किया गांव का दौरा

रहस्यमयी बीमारी की सूचना पर डेंडुलुरु विधायक कोठारू अब्बया चौधरी और जिला कलक्टर आर मुत्याला राजू ने गांव पहुंचकर लोगों से बीमारी के संबंध में पूछताछ की तथा चिकित्सा टीमों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने गांव में कैंप लगा रखा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विधायक ने कहा गांव में दो चिकित्सा शिविर संचालित किए जा रहे हैं तथा परेशानी होने पर लोगों को मौके पर उपचार किया जा रहा है।

पुनरावृत्ति

17 जनवरी को भी बीमार हुए थे 38 लोग

विधायक अब्बया ने बताया कि पुल्ला गांव में भी गत 17 जनवरी को 38 लोग बीमार हुए थे। उन सभी में भी इसी रहस्यमयी बीमारी के लक्षण सामने आए थे। उसके बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। उन्होंने बताया कि लोगों को बीमार होने का सिलसिला 13 जनवरी से ही शुरू हो गया था, लेकिन बीमारों की संख्या बढ़ने के बाद हंगामा हुआ था। मरीजों का उपचार जारी है।