दिल्ली-NCR में बढ़ा H1N1 का खतरा, सरकार ने जारी किया अलर्ट
देश
दिल्ली-NCR में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। इस साल दिल्ली में ही H1N1 के 1,777 मामले सामने आ चुके हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें बुखार, खांसी या बदन दर्द जैसे कोई लक्षण दिखें, तो वे लापरवाही न बरतें और फौरन डॉक्टर को दिखाएं।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- अस्पताल हैं तैयार
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि ज्यादातर लोग इस बीमारी से आसानी से ठीक हो जाते हैं, लेकिन जिन्हें पहले से कोई बीमारी है या जो बुजुर्ग हैं, उन्हें खास तौर पर सावधान रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से लगातार हाथ धोते रहने और मास्क पहनने की अपील की। उन्होंने सलाह दी कि अगर किसी को भी तबीयत खराब महसूस हो, तो उसे जल्द से जल्द जांच करवानी चाहिए। मंत्री ने भरोसा दिया कि अस्पतालों में मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तर और दवाएं मौजूद हैं, ताकि किसी को कोई दिक्कत न हो।