Page Loader
एयर इंडिया की लंदन-मुंबई फ्लाइट में यात्री ने किया धूम्रपान और अन्य यात्रियों से दुर्व्यवहार
यात्री ने एयर इंडिया की फ्लाइट के शौचालय में किया धूम्रपान (तस्वीर- पिक्साबे)

एयर इंडिया की लंदन-मुंबई फ्लाइट में यात्री ने किया धूम्रपान और अन्य यात्रियों से दुर्व्यवहार

Mar 12, 2023
12:04 pm

क्या है खबर?

लंदन से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री द्वारा कथित तौर पर शौचालय में धूम्रपान करने का मामला सामने आया है। यह घटना 11 मार्च की है। आरोपी यात्री की पहचान 37 वर्षीय अमेरिकी नागरिक रमाकांत के रूप में हुई है। मुंबई पुलिस ने आरोपी यात्री के खिलाफ सहर पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी यात्री ने फ्लाइट में मौजूद अन्य यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया।

घटना 

यात्री ने की विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश

ANI के मुताबिक, फ्लाइट के क्रू के सदस्यों ने मुंबई पुलिस को बताया कि आरोपी यात्री ने विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश भी की थी। बतौर क्रू, यात्री ने कहा कि उसके बैग में कोई दवाई है, लेकिन ऐसा कुछ बरमाद नहीं हुआ। वहीं पुलिस ने बताया कि आरोपी यात्री के नमूनों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है, जिससे यह पुष्टि की जा सके कि वह नशे की हालत में था या मानसिक रूप से बीमार था।

जानकारी

यात्री के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज 

मुंबई पुलिस ने आरोपी यात्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 336 (लापरवाही के कारण दूसरों की सुरक्षा को खतरा) और विमान अधिनियम 1937 की धारा 22, 23 और 25 के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला 

क्रू ने बांधने पड़े थे आरोपी यात्री के हाथ-पैर 

क्रू ने पुलिस को बताया, "उड़ान भरने के दौरान फ्लाइट में धूम्रपान की अनुमति नहीं है, लेकिन यात्री जैसे ही शौचालय में गया तो अलार्म बजने लगा। जब हम सभी शौचालय की ओर भागे तो देखा कि उसके हाथ में एक सिगरेट है। हम लोगों ने तुरंत सिगरेट उसके हाथ से लेकर बुझा दी।" क्रू ने आगे बताया कि इसके बाद आरोपी यात्री चिल्लाने लगा था और उसे शांत करने के लिए उसके हाथ-पैर बांधने पड़े थे।

नियम

क्या कहते हैं नियम? 

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के नियमों के अनुसार, यदि कोई यात्री फ्लाइट में अनुचित व्यवहार का दोषी पाया जाता है, तो उस पर कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है। वहीं अपराध के स्तर को देखते हुए यात्री को एक विशेष समय की अवधि के लिए उड़ान भरने से प्रतिबंधित भी किया जा सकता है। गौरतलब है कि हाल ही में हुई कुछ फ्लाइट में हुई घटनाओं के बाद DGCA ने काफी सख्ती दिखाई है।

विवाद

पी-गेट के कारण विवादों में आई थी एयर इंडिया

26 नवंबर को अमेरिका से भारत आ रही एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट में एक यात्री ने एक बुजुर्ग महिला पर शराब पीकर पेशाब कर दिया था। फ्लाइट कर्मचारियों द्वारा आरोपी शंकर मिश्रा पर कार्रवाई न किए जाने से नाराज बुजुर्ग महिला ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की थी। इसके बाद एयर इंडिया ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया था और उस पर चार महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया था।