LOADING...
महाराष्ट्र: देवेंद्र फडणवीस की पत्नी से मांगी गई 10 करोड़ रुपये की फिरौती, केस दर्ज 
आरोपी अनीक्षा जयसिंघानी ने अमृता फडणवीस को रिश्वत देने की पेशकश भी की थी

महाराष्ट्र: देवेंद्र फडणवीस की पत्नी से मांगी गई 10 करोड़ रुपये की फिरौती, केस दर्ज 

Mar 18, 2023
01:39 pm

क्या है खबर?

मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में डिजाइनर अनीक्षा जयसिंघानी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 385 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि अनीक्षा ने अमृता को कुछ वीडियो भेजकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी थी। गौरतलब है कि अनीक्षा 21 मार्च तक मुंबई पुलिस की हिरासत में हैं।

मामला

क्या है पूरा मामला?

अमृता फडणवीस ने मुंबई पुलिस को बताया था कि अनीक्षा ने अपने पिता अनिल जयसिंघानी के एक केस में मदद के बदले उन्हें एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने अमृता की शिकायत पर अनीक्षा और अनिल के खिलाफ 20 फरवरी को FIR दर्ज की थी। देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र विधानसभा में मामले को लेकर कहा था कि यह पूरी साजिश उनको फंसाने के लिए रची गई थी।

गिरफ्तारी 

पुलिस ने किया था अनीक्षा को गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने अनीक्षा को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उन्हें मुंबई की एक विशेष अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अनीक्षा की 7 दिन की हिरासत की मांग की थी, लेकिन अदालत ने 4 दिन की मंजूरी देते हुए उन्हें 21 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था। पुलिस ने कहा था कि जांच के लिए अनीक्षा को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जाना आवश्यक है।

Advertisement

आरोप

अनीक्षा के पिता पर दर्ज हैं कई केस

बतौर रिपोर्ट्स, अनीक्षा के पिता अनिल जयसिंघानी एक क्रिकेट बुकी हैं और उन पर करीब 15 मामलों में केस दर्ज हैं। फिलहाल फरार चल रहे जयसिंघानी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कॉर्पोरेटर भी रह चुके हैं और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैचों में करोड़ों का सट्टा लगा चुके हैं। द फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक, अनिल पर कई पुलिसकर्मियों समेत कई सरकारी अधिकारियों को रिश्वत की पेशकश करने और उसकी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप भी है।

Advertisement

बयान

पुलिस का क्या है कहना?

पुलिस ने कहा कि अनीक्षा जयसिंघानी अमृता को 16 महीने से अधिक समय से जानती थी और कई बार उनके घर पर भी आई थी। पुलिस ने कहा कि अमृता ने अपने फोन पर कॉल और संदेश मिलने के बाद गुरुवार को मालाबार हिल पुलिस स्टेशन में शिकायत करवाई थी, जिसके बाद अनीक्षा को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं पुलिस फरार चल रहे उसके पिता अनिल जयसिंघानी की तलाश कर रही है।

Advertisement