Page Loader
बजट सत्र: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया अपना पहला अभिभाषण, कहा- निडर है सरकार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद को किया संबोधित

बजट सत्र: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया अपना पहला अभिभाषण, कहा- निडर है सरकार

Jan 31, 2023
03:47 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को बजट सत्र की शुरुआत पर संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण के दौरान केंद्र सरकार की कई उपलब्धियों की चर्चा की और सरकार को निडर और देशहित को सर्वोपरि रखने वाली बताया। उन्होंने इसके लिए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में की गई सर्जिकल स्ट्राइक, आतंकवाद पर सख्ती और अनुच्छेद 370 को हटाए जाने का हवाला दिया।

बयान

दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बना भारत- राष्ट्रपति

राष्ट्रपति ने कहा, "जो भारत कभी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूसरों पर निर्भर था, वही आज दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बना है। जिन सुविधाओं के लिए देश की एक बड़ी आबादी ने दशकों तक इंतजार किया, वे इन वर्षों में उसे मिली हैं।" राष्ट्रपति ने आगे कहा, "मौजूदा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लिए काम किया है, जिसके कारण लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंच पाई हैं।"

संबोधन

खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है भारत- राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि केंद्र सरकार खेल के क्षेत्र में देश के कोने-कोने से भारत की प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल इंडिया गेम्स का भी आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगों को लेकर भी सक्रिय है और साइन लैंग्वेज पर भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में स्टार्टअप की संख्या 90,000 के पार हो गई है और तीनों सेनाओं में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना से भी युवाओं को फायदा होगा।

विकास

'रेल और मेट्रो नेटवर्क का हो रहा तेज विकास'

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारतीय रेलवे अपने आधुनिक अवतार में सामने आ रही है और देश के रेलवे मैप में अनेक दुर्गम क्षेत्र भी जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा बिजली से चलने वाला रेलवे नेटवर्क बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ सालों में देश में मेट्रो नेटवर्क में तीन गुना से अधिक वृद्धि हुई है और 27 शहरों में ट्रेन पर काम चल रहा है।

अभियान

मेक इन इंडिया अभियान की सफलता से देश को मिल रहा लाभ- राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि आजादी के अमृतकाल में देश पंच प्राणों की प्रेरणा से आगे बढ़ रहा है और केंद्र सरकार गुलामी के हर निशान और मानसिकता से मुक्ति दिलाने के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया अभियान और आत्मनिर्भर भारत अभियान की सफलता का लाभ देश को मिलना शुरु हो चुका है और आज भारत में उत्पादन क्षमता बढ़ रही है।

बजट

कल पेश किया जाएगा केंद्रीय बजट

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को संसद में वित्तीय वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बता दें कि आज से शुरू हुए बजट सत्र के दौरान लगभग 36 विधेयक संसद में पेश किये जाएंगे, जिनमें से चार बजटीय अभ्यास से संबंधित हैं। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 13 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान 27 दिन कार्यवाही होगी।