Page Loader
पंजाब: लुधियाना में कोर्ट परिसर में ब्लास्ट; 1 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल
लुधियाना कोर्ट में ब्लास्ट

पंजाब: लुधियाना में कोर्ट परिसर में ब्लास्ट; 1 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

Dec 23, 2021
01:36 pm

क्या है खबर?

पंजाब के लुधियाना में कोर्ट परिसर के अंदर ब्लास्ट हुआ है। घटना में एक लोगों की मौत हुई, वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्लास्ट परिसर की तीसरी मंजिल के बाथरूम में लगभग 12:22 बजे हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसके बाथरूम की दीवारों को तोड़ दिया और आसपास के कमरों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है। फायर ब्रिगेड भी मौके पर है।

जांच

ब्लास्ट का कारण अभी साफ नहीं, चंडीगढ़ से फॉरेंसिक टीम बुलाई गई

ब्लास्ट किस कारण से हुआ, अभी तक ये साफ नहीं हुआ है। एक वकील ने बम के कारण ब्लास्ट होने का दावा किया है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जिस कोर्ट में ब्लास्ट हुआ है, वो शहर के केंद्र में जिलाधिकारी के दफ्तर के पास है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्लास्ट होते ही कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। जांच के लिए चंडीगढ़ से बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।

जानकारी

NIA की टीम भी चंडीगढ़ से रवाना

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम भी चंडीगढ़ से निकल गई है और वह जल्द ही कोर्ट पहुंच कर घटनास्थल की जांच करेगी। बता दें कि NIA आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच करती है।

प्रतिक्रिया

लुधियाना जाएंगे मुख्यमंत्री चन्नी, अमरिंदर ने जताया मौतों पर दुख

ब्लास्ट के बाद मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी लुधियाना पहुंच रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "कुछ राष्ट्र-विरोधी तत्व ऐसा कर रहे हैं क्योंकि विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। सरकार अलर्ट पर है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।" पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी मामले पर ट्वीट कर दो लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्होंने पंजाब पुलिस से इसकी तह तक जाने की मांग की।

बयान

केजरीवाल बोले- कुछ लोग पंजाब की शांति भंग करना चाहते हैं

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी घटना पर सवाल उठाए हैं। ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा, 'पहले बेअदबी, अब ब्लास्ट। कुछ लोग पंजाब की शांति भंग करना चाहते हैं। पंजाब के तीन करोड़ लोग इनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे। हमें एक दूसरे का हाथ पकड़ कर रखना है। खबर सुनकर दुख हुआ, मृतकों के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं और सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

बयान

पश्चिम लुधियाना के विधायक ने की शांति बनाए रखने की अपील

पश्चिम लुधियाना के विधायक भरत भूषण आशू ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, "पहले बेअदबी और अब ब्लास्ट। पंजाब की शांति को भंग करने की साजिश की जा रही है, लेकिन हमें जांच का इंतजार करना चाहिए।"

अन्य मामला

इसी महीने दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में भी हुआ था धमाका

गौरतलब है कि इसी महीने दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में भी धमाका हुआ था। कम तीव्रता वाला यह धमाका एक लैपटॉप बैग में रखे टिफिन में बम रखकर रिमोट के जरिए किया गया था। इस घटना में कोर्ट में तैनात एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। पुलिस ने मामले में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के एक वैज्ञानिक को गिरफ्तार किया था। उसने अपने पड़ोसी वकील से पुरानी रंजिश में निशाना बनाने के लिए ऐसा किया था।