बिलकिस बानो ने 2 बलात्कारियों को जमानत मिलने पर चिंता जताई, कहा- मैं डरी हुई हूं
क्या है खबर?
गुजरात दंगों के समय गैंगरेप का शिकार हुई बिलकिस बानो सुप्रीम कोर्ट से 2 बलात्कारियों के छूटने और उनकी सजा निलंबन पर काफी चिंतित हैं। उन्होंने मंगलवार को कहा कि रेप और हत्या के दोषियों की सजा निलंबित करने और जमानत देने से पहले सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें न तो बताया और न ही उनकी बात सुनी। उन्होंने कहा कि इस आदेश ने उनके मन में वह डर वापस ला दिया है जिससे उबरने के लिए वह लड़ रही हैं।
सजा
मुझे प्रेस से पता चला सुप्रीम कोर्ट का आदेश- बिलकिस
अपनी वकील शोभा गुप्ता के जरिए जारी बयान में, बिलकिस ने कहा कि उन्हें कोर्ट के फैसले के बारे में मीडिया रिपोर्ट्स से पता चला और वह हैरान रह गईं।
दंगों की भयावहता याद करते हुए बिलकिस ने कहा कि वह सिर्फ 19 साल की थीं, जब उनकी बेटी, परिवार, घर और इंसानियत से उनका भरोसा छीना गया।
उन्होंने कहा, "उस दिन से 24 सालों तक मैं अपने और दुनियाभर की महिलाओं के लिए न्याय की लड़ाई लड़ती रही हूं।"
सवाल
बिलकिस ने उठाया सवाल
बिलकिस ने कहा, "आज मैं वह न्याय खोता हुआ पा रही हूं जिसके लिए मैंने इतनी मेहनत की थी। जाने-पहचाने डर वापस आ गए हैं। मैं एक बार फिर डरी हुई हूं। अपने, अपने परिवार के लिए और अपने बच्चों के लिए।"
उन्होंने सवाल किया कि कोर्ट ने फैसला देने से पहले उनकी बात क्यों नहीं सुनी। बिलकिस ने दंगे में जान गंवाने वाली अपनी 3 साल की बेटी सलेहा को याद कर कहा कि वह फैसले को चुनौती देंगी।
आदेश
कोर्ट ने कल सुनाया था फैसला
सुप्रीम कोर्ट में न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने सोमवार को बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप के दोषी बिपिन चंद्र जोशी और प्रदीप मोरधिया की उम्रकैद की सजा निलंबित कर उनको जमानत दी है।
पीठ ने अपने आदेश में कहा, "पार्टियों को सुनने के बाद, यह कहना काफी है कि अपील करने वाले 17 साल से अधिक समय से जेल में हैं, और एक को गंभीर विकलांगता है।"
दोषी
दोनों की सजा की छूट कोर्ट कर चुका है रद्द
जोशी और मोरधिया उन 11 दोषियों में शामिल हैं जिनकी सजा की छूट सुप्रीम कोर्ट ने 8 जनवरी, 2024 को रद्द कर दी थी। उस समय, कोर्ट ने सजा छूट देने के लिए गुजरात सरकार की आलोचना की थी।
तब कोर्ट ने कहा था कि सरकार ने महाराष्ट्र की शक्तियों का इस्तेमाल करके अपने अधिकार से बाहर काम किया है।
दोनों IPC धारा 143 (गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होना), 147 (दंगा), 302 (हत्या) और 376 (रेप) के तहत दोषी हैं।