गैंगरेप पर बिहार DGP का चौंकाने वाला बयान, कहा- समाज अब इन्हें बर्दाश्त कर रहा
बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने राज्य में बढ़ रही गैंगरेप की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। 12 मई को पटना में आयोजित एक वर्कशॉप में उन्होंने कहा कि 2 दशक पहले ऐसी घटनाएं बहुत कम होती थीं और इन्हें लेकर पूरे समाज में काफी गुस्सा था, लेकिन अब इनकी संख्या इतनी बढ़ गई है कि समाज इन्हें बर्दाश्त करने लगा है।
बिहार में सिर्फ 2 प्रतिशत यौन हिंसा की रिपोर्ट दर्ज
DGP कुमार ने बताया कि बिहार में यौन हिंसा की जितनी घटनाएं होती हैं, उनमें से सिर्फ 2 प्रतिशत की ही रिपोर्ट दर्ज हो पाती है। इसकी वजह उन्होंने पीड़ितों को दबाना और पुलिस की निष्क्रियता बताया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सहानुभूति दिखाने की अपील की, खासकर हाल ही की उस घटना के बाद, जब एक पुलिसकर्मी पर एक पीड़िता से पैसे मांगने का आरोप लगा था। उन्होंने तेजाब हमले, घरेलू हिंसा और दहेज प्रथा के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की। कुमार ने यह भी कहा कि बिहार पुलिस में अब 30 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं हैं, लेकिन वास्तविक प्रगति के लिए लोगों की मानसिकता में बदलाव लाना बेहद जरूरी है।