बेंगलुरु: लंदन से लौटे पड़ोसी ने फिरौती के लिए मासूम को उतारा मौत के घाट, कार दुर्घटना ने खोला राज
बेंगलुरु में 13 साल के एक किशोर की उसके पड़ोसी भास्कर रेड्डी ने कथित तौर पर अपहरण करने के बाद हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि रेड्डी ने अपने परिवार का कर्ज चुकाने के लिए फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। यह वारदात तब सामने आई जब रेड्डी की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और लोगों ने उसकी डिक्की में लड़के का शव देखा।
रेड्डी ने 13 वर्षीय किशोर को झांसा देकर मारा
मास्टर डिग्री करके लंदन से लौटे रेड्डी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर बच्चे को पटाखे दिलाने और कार चलाने का लालच दिया और उसे अपने साथ ले गया। वे उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उन्होंने उसे बांध दिया और फिरौती के लिए एक वीडियो भी बनाया। उन्हें डर था कि बच्चा उन्हें पहचान लेगा, इसलिए रेड्डी ने उसे जान से मार डाला और बाद में शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। दुर्घटना के बाद पुलिस ने रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश अभी भी जारी है।