LOADING...
भगवंत मान वीडियो विवाद पर बोले- हारने वाले मिलकर मुझे बदनाम करने की साजिश रच रहे
भगवंत मान ने वीडियो विवाद पर प्रतिक्रिया दी है

भगवंत मान वीडियो विवाद पर बोले- हारने वाले मिलकर मुझे बदनाम करने की साजिश रच रहे

लेखन आबिद खान
Jun 25, 2026
03:59 pm

क्या है खबर?

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद पर लगे बेअदबी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल तीनों को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि ये सब लोग हारने के बाद खीझ में ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल सब मिलकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा, "मुझे बदनाम करने के लिए फर्जी वीडियो फैलाया जा रहा है, तमाम हथकंडे अपनाएं जा रहे हैं।"

बयान

मान बोले- वीडियो में दिख रहा शख्स मैं नहीं

मान ने कहा, "धार्मिक तौर पर मुझे बदनाम करने की साजिश की गई। यह वीडियो मुझे सियासी तौर पर बदनाम करने के लिए बनाया गया है। वीडियो की जांच करा लें, उसमें मैं नहीं हूं। वीडियो में दिखाए गए शख्स की लंबाई ही मुझसे 2 इंच ज्यादा है। मैं श्री अकाल तख्त के सभी कानून को मानता हूं। तीनों ही दल मिलकर AAP का मुकाबला नहीं कर रहा पा रहे, इसलिए अब मुझे इन लोगों ने निशाने पर लिया है।"

वीडियो

वीडियो को लेकर मान ने क्या दावे किए?

अपनी कथित वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री मान ने कहा, "मेरे गले पर बचपन से एक निशान है, मगर वीडियो में नहीं है। आंखें नहीं बन सकती इसलिए वीडियो में शख्स को चश्मा पहना दिया। मैं 2016 के बाद कनाडा गया ही नहीं। जगमन समरा से किसने पैसे देकर वीडियो बनवाई वो भी आने वाले दिनों में खुलासे हम करेंगे। हम ये वीडियो भी अकाल तख्त साहिब को भेजेंगे कि जांच करवा लें। धर्म का इस तरह इस्तेमाल करना गलत है।"

Advertisement

पार्टी

मान ने विपक्ष पर साधा निशाना

मान ने आगे कहा, "जमीनी स्तर पर राजनीतिक रूप से वे जीरो हो चुके हैं। अब वे इस हद तक गिर गए हैं कि लगभग हर दिन मेरी धार्मिक छवि को खराब करने के इरादे से कोई न कोई आदेश या निर्देश जारी किया जाता है। जबकि असलियत यह है कि पंजाब के लोगों के लिए इस सरकार ने सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक मामलों में भी जो काम किया है, वह पहले कभी नहीं हुआ।"

Advertisement

कांग्रेस

मान ने कहा- कांग्रेस ने अकाल तख्त पर गोलियां बरसाईं

मान ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने 1984 में अकाल तख्त पर गोलियां बरसाई थीं, बम बरसाए थे, आज वे अकाल तख्त के सम्मान की बात कर रहे हैं।कांग्रेस नेता कहते हैं कि अकाल तख्त के निर्देश के आधार पर भगवंत मान का बहिष्कार किया जाना चाहिए, लेकिन वे यह भूल गए हैं कि ऑपरेशन ब्लू स्टार कांग्रेस ने किया था और अकाली दल बेअदबी के मामलों में शामिल था।"

मामला

क्या है वीडियो का मामला?

दरअसल, अक्टूबर 2025 में कनाडा के एक शख्स ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें मान जैसा दिखने वाला व्यक्ति सिख गुरुओं की तस्वीरों पर शराब के छींटे मार रहा है। इसके अलावा जरनैल सिंह भिंडरावाले की फोटो पर भी आपत्तिजनक हरकतें करता दिख रहा है। विवाद बढ़ने पर सिखों की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त ने मान को तलब किया। वीडियो की जांच के बाद अकाल तख्त ने मान को गुरुओं की बेअदबी का दोषी मानते हुए दोषी करार दिया।

Advertisement