
बेंगलुरु भगदड़: शादी की तैयारी कर रहे युवक की मौत, पानी-पुरी बेचने वाले ने बेटा खोया
क्या है खबर?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की विक्ट्री परेड के दौरान बेंगलुरु में मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई है और 33 लोग घायल हुए हैं।
मृतकों में ज्यादातर कम उम्र के युवक-युवतियां शामिल हैं।
14 साल की स्कूली छात्रा दिव्यांशी भी भगदड़ में मारी गई। वो अपने मां, चाची और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ RCB का सम्मान समारोह देखने आई थी।
इसके अलावा इंजीनियरिंग छात्र, IT कंपनी के कर्मचारी भी मृतकों में शामिल हैं।
पानी पुरी
पानी पुरी बेचने वाले ने खोया बेटा, कॉलेज में कर रहा था पढ़ाई
मृतकों में प्रेसीडेंसी कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र मनोज कुमार भी शामिल है। उसके पिता उत्तरी बेंगलुरु में पानी-पुरी का ठेला लगाते हैं।
मनोज के पिता ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "मैंने उसे अपनी दुकान पर झूठी प्लेट साफ नहीं करने देता था, क्योंकि मैं चाहता था कि वह कॉलेज जाए। मैंने उसे बहुत लाड़-प्यार से पाला था। अब वह चला गया है।"
मनोज अपने दोस्तों के साथ स्टेडियम गया था।
स्कूली छात्रा
14 साल की स्कूली छात्रा की भी मौत
भगदड़ में बेंगलुरु के कन्नूरू इलाके की रहने वाली 14 साल की स्कूली छात्रा दिव्यांशी की भी मौत हो गई है।
दिव्यांशी की चाची ने कहा, "स्टेडियम में कोई पुलिस मौजूद नहीं थी। CPR या कुछ भी देने में मदद करने वाला कोई नहीं था। हमने उसे एक कार में बिठाया और अस्पताल ले गए। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आने पर बहुत पुलिस सुरक्षा थी, लेकिन स्टेडियम में कुछ नहीं था।"
सहाना
21 साल की सहाना ने हाल ही में जॉइन की थी मल्टीनेशनल कंपनी
भगदड़ में 21 साल की सहाना भी मारी गई। उसने हाल ही में बेंगलुरु में एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी शुरू की थी। वह कुछ सहकर्मियों के साथ स्टेडियम गई थी।
हादसे में मांड्या जिले के पूर्ण चंद्र की भी जान चली गई। कुछ ही दिन बाद उनकी शादी होने वाली थी।
परिवार के एक मित्र ने कहा, "हमने सोशल मीडिया पर वीडियो में पूर्ण चंद्र को देखा, जिसमें लोग उसे होश में लाने की कोशिश कर रहे थे।"
बयान
क्या RCB मेरा बेटा वापस दे सकती है? मृतक के परिजन का सवाल
भगदड़ में 22 साल के इंजीनियरिंग छात्र प्रज्वल की मौत हो गई।
उसके परिजन ने कहा, "वह RCB का दीवाना था। वह RCB की शर्ट पहनकर मर गया। जब RCB जीती तो वे नाच रहे थे और अब वह चला गया। क्या RCB उसे हमें वापस दे सकती है?"
भगदड़ में मारी गई 29 वर्षीय देवी के सहकर्मी ने कहा, "हम काफी समय से उसे फोन लगा रहे थे। फिर किसी ने फोन कर हमें अस्पताल आने को कहा।"
भगदड़
स्टेडियम के बाहर कैसे मची भगदड़?
IPL 2025 विजेता बनने के बाद बेंगलुरु में RCB का सम्मान समारोह और विक्ट्री परेड आयोजित की गई थी।
टीम एयरपोर्ट से सीधे विधानसभा पहुंची, जहां खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके बाद टीम को चिन्नास्वामी स्टेडियम जाना था।
विधानसभा से लेकर स्टेडियम तक करीब 3 लाख लोग इकट्ठा हो गए। इस दौरान स्टेडियम में प्रवेश को लेकर झूमाझटकी होने लगी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
इसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए।