Page Loader
बेंगलुरु भगदड़ मामले में RCB के मार्केटिंग प्रमुख हवाई अड्डे से गिरफ्तार, 3 अन्य हिरासत में
बेंगलुरु भगदड़ मामले में RCB अधिकारी समेत 4 गिरफ्तार

बेंगलुरु भगदड़ मामले में RCB के मार्केटिंग प्रमुख हवाई अड्डे से गिरफ्तार, 3 अन्य हिरासत में

लेखन गजेंद्र
संपादन Manoj Panchal
Jun 06, 2025
09:36 am

क्या है खबर?

बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मार्केटिंग प्रमुख निखिल सोसले भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए 3 अन्य लोग इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA नेटवर्क्स से जुड़े हैं। पुलिस कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के सचिव शंकर और कोषाध्यक्ष जयराम के घर भी पहुंची थी, लेकिन वे मिले नहीं। वे फरार बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तार

मुंबई जा रहे थे निखिल

पुलिस का कहना है कि निखिल घटना के बाद मुंबई भागने की फिराक में थे, तभी उन्हें बेंगलुरु हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया। उनसे पूछताछ की जा रही है। DNA के 3 अन्य स्टाफ सदस्य किरण, सुमंथ और सुनील मैथ्यू को पुलिस हिरासत में लेकर क्यूबन पार्क थाने लाई है, जहां पूछताछ कर रही है। पुलिस भगदड़ में लापरवाही का कारण, नियमों की अनदेख, आयोजन की अनुमति और सुरक्षा मानकों से जुड़ी चीजें पता कर रही है।

कार्रवाई

क्या है पूरा मामला?

IPL 2025 का खिताब RCB ने जीता, जिसका जश्न मनाने के लिए पूरी टीम बेंगलुरु आई। यहां 4 जून को विजय जूलुस निकाला गया। टीम को चिन्नास्वामी स्टेडियम जाना था, जहां 3 लाख लोग इकट्ठा थे और अंदर जाने को लेकर धक्का-मुक्की करने लगे। इससे भगदड़ मची और 11 की दबकर मौत हो गई, जबकि 47 घायल हुए। पुलिस ने RCB, KSCA और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है और जांच CID को सौंपी है।

आयोजन 

किसने किया था विजय जूलुस का आयोजन?

कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने बताया कि DNA एंटरटेनमेंट ने RCB के IPL जीत के जश्न का प्रबंधन किया था, जबकि KSCA ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था। तीनों के ऊपर आपराधिक लापरवाही का आरोप लगाया गया है। RCB की ओर से विजय जुलूस की अनुमति भी पुलिस से मांगी गई थी, लेकिन कथित तौर पर पुलिस ने कोई अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद भी ये कार्यक्रम किया गया।

जानकारी

सरकार ने मांगी माफी, मुआवजे की घोषणा 

हादसे के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने लोगों से माफी मांगी और मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की। RCB ने भी मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने और घायलों के लिए कोष बनाने की बात कही।