Loading...
आजम खान 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, एक दिन पहले जेल से छूटे थे
आजम खान को जेल से बाहर आते ही फिर गिरफ्तार कर लिया गया

आजम खान 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए, एक दिन पहले जेल से छूटे थे

लेखन आबिद खान
Nov 01, 2026
05:42 pm

क्या है खबर?

समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्हें गाजियाबाद स्थित विशेष PMLA कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके बाद उन्हें डासना जेल भेजा गया है। एक दिन पहले ही आजम खान को हाई कोर्ट से जमानत मिली थी। जेल से बाहर आते ही उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हिरासत में ले लिया था।

पूछताछ

ED कर सकती है पूछताछ

ED ने जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े फंड में कथित अनियमितताओं और मनी ट्रेल को लेकर कोर्ट को जानकारी दी और आजम की 14 दिन की कस्टडी मांगी।

माना जा रहा है कि अगले 1-2 दिन में जांच एजेंसी आजम की रिमांड के लिए आवेदन कर सकती है।

ED का आरोप है कि आजम ने विश्वविद्यालय के निर्माण में सरकारी राशि का दुरुपयोग किया है। एजेंसी 416.14 करोड़ रुपये के खर्च में अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है।

बयान

आजम बोले- मुसलमान होने की सजा मिल रही

रिहा होते ही गिरफ्तार होने पर आजम भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "अब कहने को क्या है? यह मुसलमान होने की सजा है। गलती यह है कि एक मुसलमान ने विश्वविद्यालय बनवाया।"

वहीं, SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "आदरणीय आजम खान साहब के साथ मुकदमों की जो साजिश की जा रही है, उसे देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है। किसी उम्रदराज को इस तरह बेमानी मुकदमों में फंसाकर बार-बार जेल में डालना कायराना हरकत है।"

ADVERTISEMENT