राम मंदिर दान विवाद: सभी आरोपियों के घर पर पुलिस ने मारा छापा
क्या है खबर?
अयोध्या के राम मंदिर दान विवाद में आज सुबह-सुबह पुलिस ने सभी आरोपियों के घर छापा मारा है। पुलिस की कई टीमों ने एक साथ अयोध्या में आरोपियों के घरों पर दबिश दी है। इस दौरान परिवार के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की गई। कुछ आरोपियों के घरों पर ताला लगा मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस का मानना है कि आरोपियों के घर से चोरी की गई राशि या आभूषण वगैरह बरामद हो सकते हैं।
छापा
टिन्नू यादव के घर लगा मिला ताला
दैनिक भास्कर के मुताबिक, पुलिस में आरोपी अविनाश शुक्ला के कौशलपुरी स्थित घर पर दबिश दी। उनके न मिलने पर पुलिस ने कौशलपुरी में किराना स्टोर चलाने वाले राहुल कुमार से पूछताछ की।
वहीं, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का करीबी और ड्राइवर रामशंकर यावद उर्फ टिन्नू यादव के घर भी पुलिस टीम पहुंची। हालांकि, यहां ताला लगा मिला। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की।
बयान
केजरीवाल बोले- बड़े-बड़े लोगों को बचाया जा रहा
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "चंदा चोरी मामले में सिर्फ छोटे लोगों और चौकीदारों को पकड़ा है। बड़े-बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। जिन 8 लोगों को पकड़ा, उनकी रिमांड भी नहीं ली। उन्हें जेल भेज दिया। 2-4 दिन में उनकी जमानत करा देंगे। सब कुछ इस मामले को ढकने की कोशिश है। ऐसा लगता है कि यह बहुत बड़ी चोरी है। आरोप ये भी है कि 200 करोड़ की चोरी हुई और सिर्फ 80 लाख बरामद हुए।"
SIT
SIT के रडार पर कम से कम 40 लोग
TV9 की रिपोर्ट के मुताबिक, SIT की प्रारंभिक जांच में लगभग 40 लोगों की भूमिका संदिग्ध और लापरवाही से भरी पाई गई है। इसमें कंट्रोल रूम प्रभारी से लेकर गणना कक्ष के बाहर तैनात निजी सुरक्षाकर्मी, पुलिस और PAC के जवान तक शामिल हैं।
SIT ने ये भी कहा है कि उच्च सुरक्षा वाले जोन में इतनी बड़ी चोरी बेहद गंभीर विफलता है। सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारी तय होने के बावजूद निगरानी के स्तर पर कई बड़ी खामियां थीं।
विवाद
क्या है दान से जुड़ा विवाद?
दरअसल, राम मंदिर को मिले चंदे और ट्रस्ट द्वारा जमीन खरीद की प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप हैं। कथित तौर पर राम मंदिर को मिले चंदे में सेंध लगाई गई, हिसाब नहीं रखा गया, दान में मिले सोने-चांदी के आभूषण गायब हो गए और ट्रस्ट ने मनमाने ढंग से जमीन खरीदी।
इस मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इस्तीफा दे दिया है।