Page Loader
पंजाब में 23 मार्च को लॉन्च होगी भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया ऐलान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया भ्रषटाचार विरोधी हेल्पलाइन शुरू करने का ऐलान।

पंजाब में 23 मार्च को लॉन्च होगी भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया ऐलान

Mar 17, 2022
05:12 pm

क्या है खबर?

पंजाब विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने सत्ता संभालने के साथ ही भ्रष्टाचार को खत्म करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शपथ ग्रहण करने के अगले ही दिन यानी गुरुवार को राज्य में आगामी 23 मार्च यानी शहीद दिवस पर भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन शुरू करने का ऐलान किया है। इसमें राज्य के लोग व्हाट्सऐप के जरिए सीधे मुख्यमंत्री से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें कर सकेंगे।

ऐलान

पंजाब में अब नहीं चलेगा भ्रष्टाचार- मुख्यमंत्री मान

मुख्यमंत्री मान ने ट्वीट कर राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ नई हेल्पलाइन शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा, 'भगत सिंह जी के शहीदी दिवस (23 मार्च) पर हम एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी करेंगे। वो मेरा पर्सनल वॉट्सऐप नंबर होगा। अगर आपसे कोई भी रिश्वत मांगे, उसकी वीडियो या ऑडियो रिकॉर्डिंग करके मुझे भेज देना। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। पंजाब में अब भ्रष्टाचार नहीं चलेगा।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें मुख्यमंत्री भगवंत मान का ट्वीट

सूचना

मुख्यमंत्री मान ने ट्वीट के जरिए ही दी थी नया ऐलान करने की सूचना

इससे पहले मुख्यमंत्री मान ने सुबह ट्वीट कर राज्य की भलाई के लिए एक नया ऐलान करने की सूचना दी थी। उन्होंने लिखा था, 'पंजाब की जनता के हित में आज बहुत बड़ा फैसला लिया जाएगा। पंजाब के इतिहास में आज तक किसी ने ऐसा फैसला नहीं लिया होगा। मैं जल्द ही घोषणा करूंगा।' उनके इस ट्वीट को AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रीट्वीट किया था। उसके बाद से ही नई घोषणा पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे।

प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री मान की घोषणा को केजरीवाल ने बताया ऐतिहासिक

पंजाब के मुख्यमंत्री मान के राज्य में भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा को दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ऐहितहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में AAP सरकार का फैसला ऐतिहासिक है और अब पंजाब में भ्रष्टाचार नहीं चलेगा। दिल्ली में जब AAP की 49 दिनों की सरकार बनी थी तब भी उन्होंने एक नंबर जारी किया था। उस पर लोगों ने खूब शिकायतें की थी। जिसके चलते 30-32 अधिकारियों को सजा मिली थीं।

चुनाव

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

पंजाब में विधानसभा चुनावों में AAP को प्रचंड बहुमत मिला है। पार्टी ने 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस की स्थिति बेहद खराब रही और वह मात्र 18 सीटें जीत पाई। अकाली दल तीन और अमरिंदर सिंह और भाजपा का गठबंधन मात्र दो सीटें जीत पाया।बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय ने एक-एक सीट जीती। AAP की लहर में चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू, प्रकाश और सुखबीर बादल जैसे तमाम बड़े नाम हार गए।

शपथ

मान ने बुधवार को ली थी मुख्यमंत्री पद की शपथ

बता दें कि भगवंत मान ने बुधवार को भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में 17वें मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली थी। राज्यपाल ने खटकड़ कलां में हुए शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें शपथ दिलाई। इस समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत AAP के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। समारोह में लाखों की संख्या में आम लोग आए। मान 1970 के दशक के बाद पंजाब के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने हैं।