आंध्र प्रदेश में रेलवे सिग्नल से छेड़छाड़, पुलिस ने चलाई गोली
आंध्र प्रदेश पुलिस को निदुब्रोलू रेलवे स्टेशन के पास रात में गश्त करते समय सिग्नल सिस्टम के इर्द-गिर्द कुछ संदिग्ध हरकतें दिखीं। पुलिस जब जांच के लिए आगे बढ़ी, तो संदिग्धों ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बचाव में हवाई गोलीबारी की, लेकिन इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर सभी संदिग्ध फरार हो गए।
सिग्नल से छेड़छाड़ यात्रियों के लिए खतरा
उप महानिरीक्षक (DIG) बी सत्य येसुबाबू ने जोर देकर कहा है कि रेलवे सिग्नल के साथ छेड़छाड़ करना ट्रेनों और उनमें सवार यात्रियों की जान को गंभीर खतरे में डाल सकता है। इस घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और रात की गश्त भी तेज कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। पहले भी इसी तरह की घटनाएं हुई हैं, जिनमें यात्रियों को लूटने वाले गिरोहों का हाथ होने की बात सामने आई थी। इससे अब एक बार फिर इलाके में ट्रेन यात्रा की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।