अखिलेश यादव सपरिवार अयोध्या के राम मंदिर जाएंगे, पहली बार करेंगे रामलला के दर्शन
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान कर दिया है। वे अयोध्या के राम मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे। बताया जा रहा है कि वे 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या जाएंगे और हनुमानगढ़ी के साथ रामलला के दर्शन करेंगे। जनवरी 2024 में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश पहली बार अयोध्या जा रहे हैं। इसे लेकर अक्सर सवाल भी उठते रहे हैं।
दौरा
पत्नी और बेटा-बेटी भी रहेंगे साथ
SP नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश के दौरे की जानकारी दी है। उन्होंने आज तक को बताया कि अखिलेश के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी मौजूद रहेंगे।
पवन के मुताबिक, अखिलेश अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे। राम मंदिर में दर्शन के बाद वे हनुमानगढ़ी भी जाएंगे। इस दौरान वे साधु-संतों से मुलाकात करेंगे, उनका आशीर्वाद लेंगे और उनके साथ प्रसाद ग्रहण करेंगे।
विवाद
अखिलेश के राम मंदिर न जाने को लेकर उठते रहे हैं सवाल
अखिलेश मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भी शामिल नहीं हुए थे। मंदिर समिति ने उन्हें निमंत्रण भेजा था। इसे लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने उनकी आलोचना की थी।
तब विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रमुख आलोक कुमार ने कहा था, "अखिलेश को निमंत्रण भेज दिया गया है, देखते हैं कि भगवान राम उन्हें बुलाते हैं या नहीं।"
इसके जवाब में अखिलेश ने कहा था कि वह कुमार को नहीं जानते।