बेंगलुरु में पोर्श पर सीमेंट! गड्ढा भरने का ये 'पॉश' तरीका क्यों हुआ वायरल?
बेंगलुरु के अखिल हेमड़ी का एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने अपनी महंगी कार पोर्श के बोनट पर सीमेंट मिलाकर सड़क का एक गड्ढा भर दिया। उनका कहना है कि यह सिर्फ दिखावा नहीं है। अखिल चाहते हैं कि लोग समझें कि सार्वजनिक जगहों की देखभाल सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी को इसमें हाथ बंटाना चाहिए।
पोर्श वाले गड्ढे को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है
हेमड़ी के इस काम पर लोगों की राय अलग-अलग है। कुछ लोगों को उनका यह तरीका काफी पसंद आया, क्योंकि उन्होंने नागरिक जिम्मेदारी को एक अनोखे तरीके से दिखाया। वहीं, कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या इतनी महंगी कार का इस्तेमाल करना सही था? कुछ लोगों को तो यह भी लगा कि यह कोई मार्केटिंग का तरीका है, क्योंकि पोर्श के बोनट पर एक प्रोटेक्टिव लेयर दिखाई दी थी। लेकिन हेमड़ी का कहना है कि उन्हें सिर्फ यही चाहिए कि लोग सार्वजनिक जगहों की परवाह करें। उनकी इस पहल पर भले ही अलग-अलग बातें हो रही हों, लेकिन उन्होंने लोगों को यह सोचने पर ज़रूर मजबूर किया है कि हम अपने शहरों के लिए क्या कुछ कर सकते हैं।