अमृतसर जा रहा एयर इंडिया का विमान पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में घुसा, चेतावनी के बाद लौटा
क्या है खबर?
22 जून को दिल्ली से पंजाब के अमृतसर जा रहा एयर इंडिया का एक विमान गलती से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में घुस गया। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक प्राधिकरण की चेतावनी के बाद ये विमान वापस भारतीय हवाई क्षेत्र में आया। विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी थी। हवाई अड्डे से जुड़े अधिकारियों ने बताया है कि तकनीकी खराबी के कारण यह विमान रास्ता भटक गया था। मामले की जांच की जा रही है।
विमान
विमान के बारे में क्या पता है?
एयरबस AI-479 विमान ने 22 जून की रात 9 बजकर 18 मिनट पर दिल्ली से अमृतसर के लिए उड़ान भरी थी। विमान निर्धारित समय से 3 मिनट देरी से उड़ा था। विमान को रात 10:30 बजे अमृतसर में लैंड होना था, लेकिन यह रास्ता भटक गया और पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में चला गया। पायलट भी इस बात से अनजान था। जब पाकिस्तान से चेतावनी मिली तो विमान ने सही रास्ता पकड़ा।
बयान
एयर इंडिया ने कहा- पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में 'मामूली' रूप से घुसा विमान
एक बयान में एयर इंडिया ने कहा, "22 जून को दिल्ली से अमृतसर जाने वाली उड़ान संंख्या AI-479 के चालक दल ने अमृतसर हवाई अड्डे पर गो-अराउंड करते समय पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में मामूली रूप से प्रवेश किया था। इस घटना की सूचना नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और इसकी आंतरिक जांच की जा रही है। एयर इंडिया में यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
दिल्ली
दोबारा दिल्ली लौटा विमान
भारतीय हवाई क्षेत्र में लौटने के बाद विमान ने अमृतसर में लैंडिंग की अनुमति मांगी। हालांकि, तब तक हवाई अड्डा व्यस्त हो गया और विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली। विमान कुछ देर अमृतसर के आसपास चक्कर लगाता रहा फिर कंट्रोल रूम के निर्देश पर इसे वापस दिल्ली भेजा गया। करीब 2 घंटे इंतजार के बाद विमान ने फिर से अमृतसर के लिए उड़ान भरी और रात लगभग 2:20 बजे अमृतसर में उतरा।
हवाई क्षेत्र
भारतीय विमानों के लिए बंद है पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र
पहलगाम हमले के बाद तनाव के चलते भारत और पाकिस्तान दोनों ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपने-अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर रखा है। यह प्रतिबंध हर महीने बढ़ाया जाता रहा है। जिस रात ये विमान रास्ता भटका उस समय भी यह प्रतिबंध लागू था। यही वजह है कि जैसे ही विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ वहां की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने चेतावनी जारी कर विमान को लौटने को कहा।