Page Loader
पाकिस्तान विमानों की भारतीय हवाई क्षेत्र में आवाजाही पर रोक जारी, 23 अगस्त तक प्रतिबंध बढ़ा
पाकिस्तानी विमानों पर भारतीय हवाई क्षेत्र में रोक जारी रहेगी

पाकिस्तान विमानों की भारतीय हवाई क्षेत्र में आवाजाही पर रोक जारी, 23 अगस्त तक प्रतिबंध बढ़ा

लेखन गजेंद्र
Jul 23, 2025
10:08 am

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने अपने हवाई क्षेत्र में पाकिस्तान के विमानों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया था, जो अभी जारी है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने जानकारी दी कि यह प्रतिबंध आगे भी जारी रहेगा। इसे 23 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। मोहोल ने एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह फैसला राजनीतिक दृष्टिकोण और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लिया गया है।

फैसला

मंत्री ने क्या कहा?

मोहोल ने एक्स पर लिखा, 'हवाई क्षेत्र प्रतिबंध पर अपडेट: पाकिस्तानी विमानों के भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने वाले नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) को आधिकारिक तौर पर 23 अगस्त, 2025 तक बढ़ाया गया है। यह विस्तार निरंतर रणनीतिक विचारों को दर्शाता है और मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप है। आगे की अपडेट के लिए बने रहें।' साथ ही 23-25 जुलाई को भारत-पाकिस्तान सीमा पर राजस्थान में होने वाले वायुसेना अभ्यास के लिए भी NOTAM जारी हुआ है।

प्रतिबंध

पहले पाकिस्तान ने लगाया था प्रतिबंध

पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के सिंधु जल समझौता रद्द कर दिया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने 24 अप्रैल को अपना हवाई क्षेत्र भारतीय विमानों के लिए बंद कर दिया था। इसके बाद भारत ने भी 1 मई को अपना हवाई क्षेत्र पाकिस्तानी विमानों के लिए बंद कर दिया, जिसे 23 मई, 23 जून और अब 23 अगस्त तक बढ़ाया गया। पाकिस्तान ने 12 मई को अपना हवाई क्षेत्र खोल दिया है।