LOADING...
अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए 241 यात्रियों में सिर्फ एक के DNA नमूने का इंतजार
अहमदाबाद विमान हादसे में सिर्फ ब्रिटिश नागरिक फिओंगल ग्रीनलॉ-मीक का DNA नमूना आना बाकी है

अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए 241 यात्रियों में सिर्फ एक के DNA नमूने का इंतजार

लेखन गजेंद्र
Jun 18, 2025
05:31 pm

क्या है खबर?

गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया AI-171 उड़ान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर मारे गए 241 यात्रियों में सिर्फ एक के DNA नमूने का इंतजार किया जा रहा है। अभी तक 240 DNA नमूने बीजे मेडिकल कॉलेज के कसौटी भवन में एकत्र किए गए हैं, जबकि एक शव का नमूना अभी तक नहीं मिला है। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि बुधवार दोपहर 2 बजे तक 202 DNA नमूनों का मिलान हो चुका है।

जांच

किसके नमूने का किया जा रहा इंतजार

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, अभी सिर्फ ब्रिटिश यात्री फिओंगल ग्रीनलॉ-मीक के DNA नमूने का इंतजार है। फिओंगल और जेमी रे-मीक दोनों 'द वेलनेस फाउंड्री' के संस्थापक थे, जो आयुर्वेदिक उपचार के लिए भारत आए थे और ब्रिटेन लौट रहे थे। जेमी की मां ने मंगलवार को अपना नमूना दे दिया, जबकि फिओंगल का परिवार ब्रिटेन में फास्ट टेक्नोलॉजी एनालिसिस (एफटीए) कार्ड पर नमूना देगा। इसे भारतीय दूतावास की मदद से फिओंगल के शव की पहचान के लिए अहमदाबाद लाया जाएगा।

वीडियो

दोनों ने विमान में बैठने से पहले 'अलविदा भारत' का वीडियो साझा किया था

फिओंगल और जेमी दोनों उन दुर्भाग्यपूर्ण यात्रियों में सवार थे, जो AI-171 उड़ान से अहमदाबाद से लंदन जा रहे थे। दोनों ने अपनी अंतिम वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा की थी, जिसमें 'अलविदा भारत' कहते हुए यात्रा के बारे में बताया था। वीडियो में फिओंगल और जेमी काफी खुश नजर आ रहे थे। फिओंगल ने भारत यात्रा पर एक व्लॉग बनाने का वादा किया था और उन्होंने इस यात्रा को जादुई अनुभव बताया था।

जानकारी

100 से अधिक शव परिजनों को सौंपे गए

विमान हादसे में मारे गए 241 लोगों में 100 से अधिक लोगों की पहचान होने के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। DNA नमूनों की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की 10 टीमों के 36 विशेषज्ञ 24×7 ड्यूटी पर हैं।

ट्विटर पोस्ट

दोनों ब्रिटिश नागरिकों की अहमदाबाद हवाई अड्डे पर अंतिम वीडियो

हादसा

विमान हादसे में सिर्फ 1 यात्री जिंदा बचा था

गुरुवार 12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए उड़ान भरने वाले बोइंग ड्रीमलाइनर एयर इंडिया AI-171 कुछ सेंकेड में ही बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में 242 यात्री, 2 पायलट और 10 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिसमें सिर्फ एक यात्री की जान बच सकी। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी हादसे में मौत हो गई। जमीन पर करीब 29 लोगों की मौत हुई है।