
अहमदाबाद विमान हादसा: फ्लाइट में कौनसे देश के कितने यात्री थे सवार, एयर इंडिया ने बताया
क्या है खबर?
गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का यात्री विमान हादसे का शिकार हो गया है। विमान में चालक दल के सदस्यों को मिलाकर कुल 242 लोग सवार थे।
घटना के बाद एयर इंडिया ने कहा कि उनकी अहमदाबाद से लंदन जा रही उड़ान संख्या AI171 आज एक दुर्घटना का शिकार हो गई है।
वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। वे घटनास्थल पर रवाना हो गए हैं।
बयान
मुख्यमंत्री बोले- युद्ध स्तर पर व्यवस्था के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने लिखा, 'अहमदाबाद में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना से मैं बहुत दुखी हूं। मैंने अधिकारियों को दुर्घटना में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य करने तथा घायल यात्रियों के तत्काल उपचार की व्यवस्था युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। मैंने घायल यात्रियों को उपचार के लिए ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करने तथा अस्पताल में उपचार की सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।'
एयर इंडिया
एयर इंडिया ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
एयर इंडिया ने लिखा, 'अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। अहमदाबाद से 1:38 बजे रवाना हुए इस विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। एयर इंडिया इस घटना की जांच कर रहे अधिकारियों को अपना पूरा सहयोग दे रही है।"