अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनने के लिए देनी होगी कड़ी परीक्षा, तकनीकी जानकारों को प्राथमिकता- रिपोर्ट
क्या है खबर?
हाल ही में अग्निपथ योजना में हुए बदलाव के बाद सभी अग्रिवीरों के लिए नियमित सैनिक बनने का रास्ता खुल गया है। 4 साल की सेवा पूरी करने के बाद चुने गए 25 प्रतिशत अग्निवीर नियमित सैनिक बनेंगे, जबकि बाकी 75 प्रतिशत को 2 साल का सेवा विस्तार मिलेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, 2 साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा करने के बाद जो अग्निवीर स्थायी नियुक्ति चाहते हैं, उनके चयन के लिए कड़े नियम बनाने पर विचार किया जा रहा है।
रिपोर्ट
अनुशासनहीनता, शराब की लत पड़ेगी भारी- रिपोर्ट
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना में नई तकनीक और आधुनिक हथियारों को शामिल किया जा रहा है। ऐसे में उन अग्निवीरों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो तकनीक के साथ-साथ आधुनिक हथियारों के इस्तेमाल में भी माहिर हों।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 6 साल पूरे होने पर लो मेडिकल कैटेगरी (LMC) और अनुशासनहीनता में शामिल उम्मीदवारों को न चुनने का प्रस्ताव है। इसमें शराब की लत से जुड़े मामले भी शामिल हैं।
चरण
2 चरणों में लागू होगी बदली हुई अग्निपथ योजना
अग्निपथ योजना में बदलाव 2 चरणों में लागू होंगे। पहले चरण में मूल योजना के तहत 4 साल की सेवा पूरी करने वाले 25 प्रतिशत अग्निवीरों का उनके प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर चयन किया जाएगा। ये सेना के नियमित कैडर में शामिल कर लिए जाएंगे।
बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को 2 साल और सेवा का मौका दिया जाएगा। पहले 4 साल की सेवा पूरी होने के बाद इन्हें सेना से बाहर होना पड़ता था।
शारीरिक परीक्षा
शारीरिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन भी जरूरी
रिपोर्ट के मुताबिक, जिन नियमों पर विचार किया जा रहा है, उनमें एक शर्त यह भी है कि नियमित सैनिक बनने के इच्छुक अग्निवीरों को संयुक्त शारीरिक परीक्षा में उत्कृष्ट श्रेणी मिलनी चाहिए।
इसके अलावा, फायरिंग में उनका प्रदर्शन कम से कम प्रथम श्रेणी का होना चाहिए।
बता दें कि सेना में फायरिंग के प्रदर्शन को 3 श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें सबसे अच्छी श्रेणी मार्क्समैन, उसके बाद फर्स्ट शॉट और फिर स्टैंडर्ड शॉट होती है।
मेडिकल फिट
मेडिकल श्रेणी में अनफिट अग्निवीरों को भी नहीं मिल सकता है मौका
रिपोर्ट में कहा गया है कि 6 साल की सेवा पूरी होने के बाद मेडिकल श्रेणी में कम फिट किसी भी अग्निवीर को नियमित सैनिक के तौर पर न रखे जाने पर विचार चल रहा है।
हालांकि, युद्ध में घायल हुए सैनिकों या सैन्य सेवा के दौरान चोट और बीमारी का शिकार होकर अग्निवीरों को कुछ विशेष छूट दी जा सकती है। इस बारे में अभी कुछ तय नहीं है।
प्रमाण पत्र
अग्निवीरों को मिलेगा 4 विकल्पों वाला नया प्रमाण पत्र
योजना में बदलाव के तहत अग्निवीरों को एक नया प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा, जिसमें 4 विकल्प होंगे।
इनमें नियमित सैनिक बनने, नियमित सैनिक बनने के साथ 2 साल का अतिरिक्त कार्यकाल, केवल 2 साल का अतिरिक्त कार्यकाल और आगे सेवा नहीं करना चाहते का विकल्प होगा।
जो अग्निवीर नियमित सैनिक बनना चाहते हैं, लेकिन 25 प्रतिशत में चयन नहीं होने की स्थिति में 2 साल का अतिरिक्त कार्यकाल चाहते हैं, वो दूसरा विकल्प चुन सकेंगे।