छात्रों की जान बचाने को NIT कुरुक्षेत्र का बड़ा फैसला: हॉस्टल खाली, प्रोफेसर हटे, छुट्टियां घोषित
एनआईटी-कुरुक्षेत्र ने यूजी, पीजी और पीएचडी के छात्रों को रविवार तक अपने हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया है। यह फैसला महाराष्ट्र की एक फर्स्ट ईयर की कंप्यूटर साइंस की छात्रा द्वारा आत्महत्या के प्रयास के बाद लिया गया। 19 साल की इस छात्रा ने अपने वॉट्सऐप ग्रुप में अपनी परेशानियों के बारे में बताया था। वह हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदने ही वाली थी कि साथी छात्रों ने उसे बचा लिया।
एनआईटी-कुरुक्षेत्र ने 2 प्रोफेसरों का तबादला किया
छात्रा की हालत अब स्थिर है और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले दो महीनों में एनआईटी-कुरुक्षेत्र में आत्महत्या से जुड़ा यह चौथा मामला है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से तीन मामले अकेले अप्रैल में ही सामने आए हैं। इस घटना के बाद संस्थान ने कथित लापरवाही के आरोप में दो प्रोफेसरों का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही, परिसर में बढ़ते मानसिक स्वास्थ्य संकट को देखते हुए अगले आदेश तक छुट्टियों का ऐलान भी किया गया है।