मुंबई कॉन्सर्ट में MDMA से 2 छात्राओं की मौत के मामले में 10 के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
मुंबई में एक संगीत कार्यक्रम के बाद जान गंवाने वाली 2 छात्राओं की टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट आ गई है। इसके अनुसर, दक्षिण मुंबई के एक प्रबंधन संस्थान में द्वितीय वर्ष की छात्राएं श्रेया राय और शीतल साल्वी के शरीर में मिथाइलीन डाइ ऑक्सी मेथामफेटामाइन (MDMA) नाम की ड्रग मिली थी। इन दोनों की मौत अप्रैल 2026 में एक खचाखच भरे म्यूजिक कॉन्सर्ट के बाद हुई थी। बताया गया है कि कार्यक्रम के दौरान दोनों की तबीयत बिगड़ गई थी। दुख की बात यह है कि इसी संस्थान के 28 साल के छात्र बिस्मत सिंह अमरजीत सिंह भसीन की भी ऐसे ही लक्षणों के बाद मौत हो गई थी।
10 के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
अब पुलिस ने इस मामले में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं को भी शामिल किया है। इसमें कुल 10 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें इवेंट स्टाफ से जुड़े लोग और ड्रग सप्लाई करने वाले संदिग्ध शामिल हैं। जांच से जुड़े अधिकारियों का मानना है कि MDMA को एक अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन के जरिए भारत में लाया गया था। ड्रग की इन गोलियों को पेंट के डिब्बों में छिपाकर लाया गया था। इस मामले में आठ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि 2 आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।