Page Loader
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, कई नेता और कार्यकर्त्ता हिरासत में
AAP करेगी प्रधानमंत्री आवास का घेराव

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, कई नेता और कार्यकर्त्ता हिरासत में

Mar 26, 2024
12:25 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) आज (26 मार्च) राजधानी में बड़ा प्रदर्शन कर रही है। इसके बाद पुलिस ने मोदी के आवास पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास के आसपास धारा 144 लगा दी है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और AAP कार्यकर्ताओं में झड़प भी हुईं। इस दौरान पंजाब सरकार में मंत्री हरजोत सिंह बैंस समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

कदम

विरोध के मद्देनजर बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री आवास के आसपास धारा 144 पहले से लागू है और किसी को भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे अलग भाजपा ने भी दिल्ली में प्रदर्शन किया और केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की मांग की।

ट्विटर पोस्ट

देखें वीडियो

जानकारी

दिल्ली मेट्रो ने 3 स्टेशनों के गेट किए बंद

दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा कारणों से 3 मेट्रो स्टेशन के गेट बंद किये हैं। बयान में बताया गया, "लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन, पटेल चौक के गेट नंबर 3 और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 5 पर प्रवेश/निकास अगली सूचना तक बंद रहेगा।"

विरोध

AAP चला रही 'DP बदलो अभियान'

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP ने एक 'DP बदलो अभियान' भी शुरू किया है। इसके तहत AAP के सभी नेता अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर केजरीवाल की प्रोफाइल फोटो लगा रहे हैं। नेताओं द्वारा लगाई गई DP में AAP ने 'मोदी का सबसे बड़ा डर- केजरीवाल' का नारा दिया है। दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री आतिशी ने इस अभियान की घोषणा की। उनके मुताबिक, यह सोशल मीडिया अभियान केजरीवाल की प्रेरणा को घर-घर तक पहुंचाएगा

जानकारी

INDIA गठबंधन भी करेगा रैली

इससे अलग, हाल ही में INDIA गठबंधन ने भी 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली का ऐलान किया है। दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में इस रैली का आयोजन किया जाएगा।

जांच

पहले आदेश की जांच के बीच केजरीवाल ने जारी किया अपना दूसरा आदेश

केजरीवाल जेल से ही सरकार चला रहे हैं। उन्होंने बीते रविवार सुबह जेल से ही अपना पहला आदेश जारी किया था। केजरीवाल की ओर से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिमांड में रहते हुए सरकारी आदेश जारी किए जाने का जांच एजेंसी ने संज्ञान लिया है। इसी बीच केजरीवाल ने अपना दूसरा निर्देश जारी कर दिया है और यह ऐसे समय पर जारी किया गया है, जब ED की हिरासत से उनके पहले संदेश पर विवाद खड़ा हो गया है।

मामला

क्यों जेल में बंद है केजरीवाल?

दरअसल, दिल्ली सरकार ने नवंबर, 2021 में नई शराब नीति लागू की थी। इसमें शराब के ठेके निजी कंपनियों को दिए गए थे। ED ने अदालत में कहा है कि केजरीवाल 'दिल्ली आबकारी नीति' घोटाले के सरगना और मुख्य साजिशकर्ता हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि केजरीवाल कुछ व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने की साजिश में शामिल थे। 21 मार्च को ED ने केजरीवाल को गिरफ्तार किया था और वे 28 मार्च तक ED की रिमांड पर हैं।