उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास खुदाई में मिला विशाल शिवलिंग
मध्य प्रदेश के उज्जैन में हर 12 साल पर होने वाले सिंहस्थ 2028 की तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच महाकालेश्वर मंदिर के पास खुदाई करते समय एक विशाल शिवलिंग मिला। यह शिवलिंग ठीक उसी वक्त सामने आया, जब मंदिर में भस्म आरती चल रही थी। इस वजह से वहां मौजूद बड़ी संख्या में भक्तों ने तुरंत मौके पर ही पूजा-अर्चना की और इसके दर्शन किए।
उज्जैन के अधिकारी सावधानी से खुदाई में जुटे
यह शिवलिंग प्रीपेड बूथ वाली जगह के पास मिला है। अधिकारी बता रहे हैं कि वे बेहद सावधानी से खुदाई करवा रहे हैं, ताकि अगर और भी प्राचीन वस्तुएं या कलाकृतियां मिलें तो उन्हें कोई नुकसान न पहुंचे। सहायक प्रशासक आशीष फलवदिया ने जानकारी दी कि वे इस काम को धीमी गति से, लेकिन लगातार आगे बढ़ाएंगे। इसी के साथ सरकार ने सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन के आसपास की सड़कों और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। इन सभी कामों को दिवाली 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है और इस दौरान गुणवत्ता की नियमित जांच भी की जाएगी।