महाराष्ट्र: बीड़ में तीर्थयात्रियों की नाव पलटी, एक की मौत
महाराष्ट्र के बीड़ जिले में बुधवार को 35 तीर्थयात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। इस हादसे में प्रमिला राठौड़ नाम की एक यात्री की मौत हो गई। वहीं, वाशिम के महगांव की रहने वाली सिंधुबाई मावल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और तेज बहाव के कारण वह जल्दी डूब गई।
स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बचाया
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नाव में सवार बाकी सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया। अब अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर इतनी अधिक भीड़ को नाव में कैसे चढ़ने दिया गया। बीड़ जिला कलेक्टर विवेक जॉनसन ने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का वादा किया है। उन्होंने घटना की पूरी और विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।