कोसी नदी में पलटी नाव, मूंग फसल काटने जा रहे 10 लोगों में से 3 लापता
देश
बिहार के दरभंगा जिले के पास बुधवार सुबह कोसी नदी में एक नाव पलट गई। इस नाव में कुबौल और तरबरा गांव के 10 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। ये सभी मूंग की फसल काटने के लिए जा रहे थे। रास्ते में तेज धारा की वजह से नाव पलट गई। अच्छी बात यह रही कि 7 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर आ गए, जिन्हें गांव वालों ने भी मदद की।
कोसी नदी में 3 लोग लापता
अभी भी 3 लोग लापता हैं, जिनमें एक छोटी बच्ची भी शामिल है। जो लोग बच निकले, उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता दी गई। किरातपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (CO) प्रशांत कुमार ने बताया कि स्थानीय गोताखोर और राज्य आपदा राहत बल (SDRF) की टीमें नदी में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं। इसके साथ ही गांव के लोग भी बचाव कार्य में पूरा सहयोग दे रहे हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है और इस बारे में और जानकारी जल्द ही मिलने की उम्मीद है।