गुरुवार तड़के सुबह सिक्किम-नेपाल सीमा क्षेत्र में 4.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। यह भूकंप सुबह 4:30 बजे आया। इसका केंद्र पश्चिमी सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में युकसोम से करीब 40 किलोमीटर दूर था।
इसके झटके पश्चिमी और पूर्वी सिक्किम के साथ-साथ गंगटोक में भी महसूस किए गए।
किसी के घायल या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं
गनीमत यह रही कि इस भूकंप से अभी तक किसी के घायल होने या संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं मिली है। स्थानीय अधिकारियों और नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि झटके हल्के तीव्रता के थे।
शिमला में रात 9:50 बजे आया भूकंप
इससे पहले बुधवार रात हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.9 मापी गई। यह रात नौ बजकर 50 मिनट और 26 सेकंड पर आया। भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई में था। शिमला में भी भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।