पुणे में 4 साल की मासूम से हैवानियत, 65 वर्षीय दरिंदा गिरफ्तार
पुणे की भोर तहसील से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 65 साल के व्यक्ति को 4 साल की मासूम बच्ची के साथ यौन शोषण करने और फिर उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बच्ची को खाने का लालच देकर एक झोपड़ी में बुलाया, जहां उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। जब बच्ची अपने घर नहीं लौटी, तो उसके परिवारवालों ने तलाश शुरू की। CCTV फुटेज खंगालने पर पुलिस को आरोपी का सुराग मिला और उसे धर दबोचा गया।
पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया
इस घटना के बाद से पूरा इलाका सदमे में है। सैकड़ों लोग आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच तेजी से पूरी की जाएगी।
आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट और भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि वे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं, ताकि मासूम पीड़िता को जल्द से जल्द इंसाफ मिल सके।