
अफगानिस्तान में आया 5.8 तीव्रता का भूकंप, कश्मीर से लेकर दिल्ली तक महसूस हुए झटके
क्या है खबर?
अफगानिस्तान के तजाकिस्तान सीमा के पास आज 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसका असर जम्मू-कश्मीर से लेकर उत्तर भारत के कई इलाकों में महसूस किया गया। दिल्ली में भी लोगों को झटके महसूस हुए।
इसके बाद हड़बड़ाहट में लोग घरों से बाहर निकल आए। कश्मीर से वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग खुली जगहों पर खड़े दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, अभी तक किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
केंद्र
कहां था भूकंप का केंद्र?
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप भारतीय समयानुसार दोपहर 12:17 बजे धरती की सतह से 86 किलोमीटर नीचे आया था।
इसका केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में था, जो टेक्टोनिक हलचलों के कारण भूकंपीय गतिविधियों के लिए संवेदनशील इलाका माना जाता है।
भूकंप के झटके पाकिस्तान के इस्लामाबाद, लाहौर, पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित-बाल्टिस्तान के विभिन्न जिलों में महसूस किए गए।
अफगानिस्तान के बदख्शान में भी भूकंप के चलते धरती कांप उठी।
भूकंप
हफ्ते भर में कई बार कांपी धरती
इससे पहले 13 अप्रैल को एक घंटे के भीतर 3 एशियाई देश भूकंप से झटके से कांप उठे थे। भारत, म्यांमार और ताजिकिस्तान में एक घंटे के भीतर भूकंप के 4 झटके महसूस किए गए थे।
12 अप्रैल को पाकिस्तान में आधे घंटे के भीतर भूकंप के 2 झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता 5.5 और 5.8 मापी गई थी।
12 अप्रैल को ही तजाकिस्तान, पापुआ न्यू गिनी और टोंगा में भी भूकंप आया था।