भारत-पाकिस्तान में 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद 4 बार पर्दे के पीछे हुई बातचीत- रिपोर्ट
क्या है खबर?
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत और पाकिस्तान में 4 बार गुप्त बैठकें हुई हैं। हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में ये दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ये बैठकें मूलतः भारत और पाकिस्तान के बीच गुप्त वार्ता के रूप में काम आईं, ऐसे समय में जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद औपचारिक संचार लगभग ठप हो चुका था। दोनों देशों के तनावपूर्ण संबंधों को देखते हुए इन बैठकों को गुप्त रखा गया।
रिपोर्ट
UK, थाईलैंड और ओमान में हुईं बैठकें
रिपोर्ट के मुताबिक, ये बैठकें यूनाइटेड किंगडम (UK), ओमान और थाईलैंड में आयोजित की गईं। इनमें दोनों पक्षों के सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारी, सांसद और रणनीतिक विशेषज्ञ शामिल थे। इन बैठकों का आयोजन थिंक टैंकों द्वारा किया गया था। अखबार ने 2 सूत्रों के हवाले से बताया कि लंदन में हुई पहली बैठक 'तीव्र' थी, लेकिन बाद की बैठकों में चर्चाएं अपेक्षाकृत संयमित रहीं। दोनों देशों में पहली बैठक 'ऑपरेशन सिंदूर' के 2 महीने बाद हुई थी।
श्रेणी
ट्रैक 1.5 और ट्रैक 2 बैठकें हुईं- रिपोर्ट
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि इन बैठकों में से 2 ट्रैक 1.5 बैठकें थीं, जिनमें सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। इनका आयोजन लंदन स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रेटेजिक स्टडीज द्वारा किया गया था। वहीं, अन्य 2 ट्रैक 2 की बैठकें थीं। ट्रैक 2 का मतलब गैर-सरकारी संस्थाओं के बीच अनौपचारिक संपर्कों से है, जिनका उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच आपसी समझ विकसित करना या हो सकता है।
आखिरी बैठक
दोहा में हुई थी आखिरी बैठक
रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों देशों में सबसे हालिया बैठक इसी साल फरवरी में कतर की राजधानी दोहा में आयोजित ट्रैक 2 की बैठक थी। इसे ब्रिटेन के एक थिंक टैंक ने आयोजित कराया था। घटनाक्रम से परिचित 2 लोगों ने लंदन में हुई पहली ट्रैक 1.5 बैठक में हुई बातचीत को काफी तनावपूर्ण बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि बाद की बैठकों में बातचीत अधिक सौम्य और संयमित रही।
टाइमलाइन
कब-कब और कहां हुई बैठकें?
'ऑपरेशन सिंदूर' के लगभग 2 महीने बाद लंदन में पहली बैठक हुई थी। इसमें पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल में सेवारत सैन्य अधिकारी शामिल थे, लेकिन भारत ने कोई भी सेवारत अधिकारी नहीं भेजा था। दूसरी बैठक अक्टूबर, 2025 में मस्कट, ओमान में आयोजित की गई थी। इसका संचालन IISS थिंक टैंक द्वारा किया गया था। तीसरी बैठक दिसंबर में थाईलैंड में हुई थी, जिसका आयोजन भारतीय और पाकिस्तानी थिंक टैंकों द्वारा किया गया था।
ऑपरेशन सिंदूर
दोनों देशों में 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद बंद है औपचारिक वार्ता
पहलगाम हमले और 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत-पाकिस्तान के संबंध सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं। भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया था, अटारी सीमा को बंद कर दिया था, सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया था, पाकिस्तानी विमानों के भारतीय हवाई क्षेत्र इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी और राजनयिकों को निष्कासित करने समेत तमाम कदम उठाए थे। दोनों देशों में व्यापार भी पूरी तरह बंद हो गया था।