4 नए 'नमो शहर' बदलेंगे NCR की तस्वीर, 5,000 करोड़ रुपये का मेगा प्लान तैयार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में जल्द ही 4 नए 'नमो शहर' बसाए जाएंगे। ये शहर दरअसल, इलाके की लगातार बढ़ती आबादी को संभालने के लिए बनाए जा रहे एक बड़े प्लान का हिस्सा हैं। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल सहित कई बड़े नेताओं ने इस पर चर्चा की है। इन शहरों का मुख्य मकसद है कि विकास सिर्फ कुछ चुनिंदा जगहों तक ही सीमित न रहे, बल्कि पूरे क्षेत्र में फैले, ताकि मौजूदा शहरों पर आबादी का ज्यादा दबाव न पड़े।
5,000 करोड़ रुपये के NCR प्लान के लिए राज्यों में मचेगी होड़
NCR की शहरी आबादी 2031 में 57 प्रतिशत से बढ़कर 2041 तक 67 प्रतिशत होने का अनुमान है। ऐसे में इन नए शहरों का मुख्य लक्ष्य लोगों को बेहतर बुनियादी ढांचा और ज्यादा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने 5,000 करोड़ रुपये का बजट रखा है। इन नए शहरों को अपने राज्य में बसाने का मौका पाने के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। इन सबका अंतिम मकसद NCR में संतुलित विकास सुनिश्चित करना है, ताकि लोग सिर्फ दिल्ली की भीड़भाड़ की ओर न भागें।