वृंदावन: सरकारी बालिका संरक्षण गृह में 15 साल की लड़कियों ने की किशोरी की हत्या
उत्तर प्रदेश के वृंदावन में बने एक सरकारी बालिका संरक्षण गृह में 15 साल की 2 लड़कियों ने 14 साल की अपनी साथी की हत्या कर दी है। इन दोनों लड़कियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। यह वारदात 21 अगस्त को हुई थी।
खबर है कि इन लड़कियों को लगता था कि अगर प्रोटेक्शन होम बंद हो गया, तो उन्हें वहां से आजादी मिल जाएगी। संरक्षण गृह की इंचार्ज की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है, साथ ही इस मामले की मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
पोस्टमार्टम: पीड़ित की मौत डूबने से हुई
जांच के दौरान पता चला कि 3 लड़कियां एक साथ बाथरूम में गई थीं, लेकिन बाहर सिर्फ 2 ही निकलीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ कि पीड़ित की मौत डूबने से हुई थी।
माना जा रहा है कि उसे पानी की बाल्टी में जबरन धकेल दिया गया था। उसके शरीर पर किसी तरह की चोट के कोई निशान नहीं थे। इस दर्दनाक घटना के बाद, जिले के वरिष्ठ अधिकारी प्रोटेक्शन होम पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद दूसरी लड़कियों से बात की और यह पता लगाने की कोशिश की कि आखिर ये सब कैसे हुआ और कहां कमी रह गई।