जाकिर खान के स्टैंड-अप से ब्रेक लेने की वजह क्या? कॉमेडियन बोले- इंटरनेट पर सब झूठ
क्या है खबर?
स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने काम से ब्रेक लेने का ऐलान करते हुए खूब चर्चा बटोरी थी। हैदराबाद में 'पापा यार टूर' के दौरान उन्होंने स्टेज से ऐलान किया था कि अगले कुछ साल के लिए वह कॉमेडी से दूर हो रहे हैं। इसके बाद से अफवाह फैलने लगी कि उनकी सेहत गंभीर है। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी खबरों के बीच, जाकिर ने स्थिति को स्पष्ट किया है। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ लेखन परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।
खुलासा
जाकिर को कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या नहीं
हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान, जब जाकिर से कॉमेडी से ब्रेक लेने का कारण पूछा गया तो उन्हाेंने कहा, "ब्रेक की कहानी दोस्तों ये है कि मेरे पास लिखने का बहुत काम आया था जो मैंने हिसाब से नहीं लिखा था।" उन्होंने कहा, "स्वास्थ्य थोड़े ही खराब है, बहुत ज्यादा खराब नहीं है। तुमने जो इंटरनेट पर पढ़ा वो झूठ है भाई। तुमने जो पढ़ा है कि मैं स्टेज -20 पे हूं। कोई बात नहीं है।"
प्रतिक्रिया
परिवार के साथ रहते हैं कॉमेडियन
जाकिर ने कहा, "लिखने वाले घटिया हैं। ऊपर से डरा रहे कि 'करीबी पारिवारिक सूत्र' ने पुष्टि की है। भाई, मेरी फैमिली मेरे साथ ही रहती है। हम खुद एक-दूसरे का मुंह देख रहे कि किसने पुष्टि की?" बता दें, कॉमेडियन ने जनवरी, 2026 में ऐलान किया था कि वह लंबा ब्रेक ले रहे हैं जो 2028 या 2030 तक चल सकता है। उन्होंने बताया था कि ये फैसला स्वास्थ्य और अन्य व्यक्तिगत मामलों से निपटने के लिए लिया है।