'एक्स-मैन' अभिनेता को हुआ पुरुष स्तन कैंसर, अब लोगों को कर रहे ऐसे आगाह
अभिनेता टाइलर माने, जो फिल्म 'एक्स-मैन' में सेबरटूथ का किरदार निभा चुके हैं, उन्होंने हाल ही में बताया कि उन्हें पुरुष स्तन कैंसर का पता चला है।
यह बीमारी इतनी दुर्लभ है कि हर 750 पुरुषों में से किसी एक को ही होती है। अपने 8 जून के वीडियो में, 59 वर्षीय टाइलर ने बताया कि उन्होंने कीमोथेरेपी शुरू कर दी है।
इसके साथ ही उन्होंने पुरुषों से अपील की है कि वे इस बीमारी को शुरुआती स्टेज में पहचानने की अहमियत को समझें।
रेनी के कहने पर टाइलर ने ली डॉक्टर की सलाह
टाइलर ने बताया कि पहले तो उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में किसी से बात नहीं की, लेकिन जब उनकी पत्नी रेनी गीरलिंग्स ने जोर दिया, तो उन्हें डॉक्टर के पास जाना पड़ा।
उन्होंने शुरुआत में गांठों जैसे लक्षणों को भी नजरअंदाज कर दिया था। अब उन्हें उम्मीद है कि अपनी बात सामने रखकर वे दूसरे पुरुषों को अपनी सेहत के प्रति गंभीर होने के लिए प्रेरित कर पाएंगे।
उन्होंने कहा, 'मैं उन लोगों की आवाज बनना चाहता हूं, जो अपनी बीमारी के बारे में बात करने से डरते हैं।'