
रत्ना पाठक पर भड़के राजेश कुमार, बोले- उनकी जैसी औरतें अक्सर संस्कृति पर सवाल उठाती हैं
क्या है खबर?
'साराभाई वर्सेज साराभाई' जैसे लोकप्रिय धारावाहिक में काम कर नाम कमा चुके अभिनेता राजेश कुमार पिछले दिनों अपनी तंगहाली को लेकर चर्चा में थे।
अब उनका एक इंटरव्यू सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी को-स्टार रहीं और जानी-मानी अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह पर हमला बोला है।
अभिनेता ने रत्ना के उस बयान पर निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने करवा चौथ को लेकर एक विवादित बयान दिया था और उसे लेकर अभिनेत्री लोगों के निशाने पर रही थीं।
विवादित बयान
सबसे पहले जानिए क्या बोली थीं रत्ना
2022 में रत्ना ने कहा था, "हमारा समाज कुछ ज्यादा ही रुढ़िवादी होती जा रहा है। हमें ये एहसास कराया जा रहा है कि धर्म हमारे जीवन का सबसे अहम हिस्सा है। पिछले साल पहली बार मुझसे पूछा गया था कि क्या करवा चौथ का व्रत रखती हैं आप। इस पर मैंने कहा था कि क्या मैं पागल हूं? भारत में आज भी विधवाओं को बेचारी की नजर से देखा जाता है. जबकि, हम 21वीं शताब्दी में जी रहे हैं।"
प्रतिक्रिया
राजेश ने यूं कसा अभिनेत्री पर तंज
हिंदी रश से राजेश ने कहा, "वह एक बहुत पढ़ी-लिखी और स्वतंत्र महिला हैं। ऐसी औरतों की अक्सर अपनी राय होती है और वो अक्सर संस्कृति पर सवाल उठाती हैं, लेकिन मेरे पास इसका सबसे सरल जवाब है। हमारे यहां जो पर्व-त्योहार मनाए जाते है, चाहे करवा चौथ हो, रमजान हो या ईद सब चांद और सूरज की गति के अनुसार मनाए जाते हैं। अगर इसके बारे में भी लोगों को पढ़ाया जाए तो ऐसे सवाल उठने बंद हो जाएंगे।"
दो टूक
"किसी चीज को जाने बिना अपनी राय न बनाएं"
अभिनेता बोले, "कुछ लोग किसी चीज को जाने बिना उस पर अपनी राय बना लेते हैं। आप कुछ जानते हैं तो इसका मतलब ये नहीं कि आप सब जानते हैं। कुछ चीजें सदियों से चल रही हैं, जिन्हें हम बिना जाने-समझे गलत नहीं कह सकते। अगर आप स्वीकारते हैं कि आप नहीं जानते तो आपके लिए नई चीजें सीखने की संभावना है, लेकिन जब आप कहते हैं कि आप सब जानते हैं तो यहीं सारी संभावनाएं खत्म हो जाती हैं।"
ट्रोलिंग
अपनी इस बयानबाजी के कारण ट्रोलिंग का शिकार हुई थीं रत्ना
रत्ना ने कहा था, "भारतीय महिला पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ रखती हैं, ताकि पति उन्हें अपने जीवन में कुछ अहमियत दें। भारत में विधवा होना एक भयानक स्थिति है, है न? तो कोई भी चीज कर लूंगी, जो मुझे विधवापन से दूर रखती है, क्या सच में? 21वीं सदी में, हम इस तरह की बात कर रहे हैं? शिक्षित महिलाएं ऐसा कर रही हैं।"
उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर खूब बवाल मचा था।
जानकारी
'साराभाई वर्सेज साराभाई' में मां-बेटे बने थे रत्ना और राजेश
बात करें राजेश की तो 'साराभाई वर्सेज साराभाई' में उनके साथ रत्ना नजर आई थीं। उन्होंने इसमें अभिनेत्री के बेटे का किरदार निभाया था। राजेश पिछली बार साल 2024 में वरुण धवन की भतीजी की अंजिनी धवन की फिल्म 'बिन्नी एंड फैमिली' में दिखे थे।