'हनुमान अंश' से स्टार बने शोभिनव सत्या कौन हैं? शाहरुख से यश तक, सबको छोड़ा पीछे
क्या है खबर?
'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तहलका मचाया कि शाहरुख खान की 'जवान', रणवीर सिंह की 'धुरंधर' और 500 करोड़ के बजट वाली यश की 'टॉक्सिक' भी पीछे छूट गईं। महज 2 करोड़ के बजट में बनी इस ब्लॉकबस्टर के हीरो शोभिनव सत्या हैं, जिन्होंने फिल्म में 'नीम करोली बाबा' का किरदार निभाया है। 2,000 प्रतिशत से ज्यादा का मुनाफा कमाकर और बिना किसी बड़े स्टार पावर के बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने वाले शोभिनव कौन हैं, आइए जानें।
शुरुआत
थिएटर से बॉलीवुड तक का सफर
शोभिनव सत्या ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। लंबे समय तक नाटकों में काम करने और अपनी कला को निखारने के बाद उन्होंने कई स्वतंत्र फिल्मों और लघु फिल्मों में अभिनय किया।
काफी समय तक कड़े संघर्ष के बाद भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अभिनय की बारीकियों को तराशने में जुटे रहे।
'हनुमान अंश' उनके करियर की पहली बॉलीवुड फिल्म है, जिसमें उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई और बड़े पर्दे पर आते ही छा गए।
कहानी
सहायक निर्देशक से बने हीरो
फिल्म की कास्टिंग भी किसी चमत्कार से कम नहीं। शोभिनव शुरुआत में 'हनुमान अंश' के सहायक निर्देशक थे, पर शूटिंग के दौरान जब मुख्य अभिनेता अचानक बीमार पड़े तो निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने इस आध्यात्मिक किरदार के लिए शोभिनव को आजमाया।
उनका 5 घंटे लंबा और कड़ा ऑडिशन लिया। शोभिनव की अभिनय क्षमता और भाव-भंगिमाओं को परखने के बाद निर्देशक ने उन्हें 'नीम करोली बाबा' का मुख्य रोल सौंप दिया। इसी एक रोल ने उन की किस्मत पूरी तरह बदल दी।
एक्टिंग
'नीम करोली बाबा' बन चमके शोभिनव
शोभिनव को 'नीम करोली बाबा' के रूप में खूब सराहना मिल रही है, यहां तक कि कई लोगों का मानना है कि उनका चेहरा भी महाराज जी से मिलता है।
रोल स्वीकार करते समय शोभिनव बड़े घबराए हुए थे और सोच रहे थे कि लोग उन्हें स्वीकार करेंगे या नहीं। हालांकि, इस अप्रत्याशित अवसर को एक दिव्य चमत्कार मानते हुए शोभिनव कहते हैं कि जब ईश्वर आपके लिए कहानी लिखता है तो आपको बस खुद को समर्पित कर देना चाहिए।
रिकॉर्ड
10 लाख की ओपनिंग से 54 करोड़ पार
महज 2 करोड़ के बजट में बनी 'हनुमान अंश' ने 54.13 करोड़ कमाकर नया इतिहास रच दिया।
पहले दिन सिर्फ 10 लाख की धीमी शुरुआत के बाद फिल्म ने चौथे हफ्ते में 50 करोड़ का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया।
यश की 'टॉक्सिक', 'जवान' और 'धुरंधर' जैसी भारी-भरकम बजट वाली फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए 'हनुमान अंश' नीम करोली बाबा के प्रति आस्था और दर्शकों की तारीफों के दम पर इस साल की सबसे ज्यादा मुनाफेदार फिल्म बनकर उभरी है।