Loading...
देश की शीर्ष एयरलाइंस में मिलीं 'गंभीर खामियां', DGCA के ऑडिट में हुआ खुलासा
DGCA को ऑडिट में शीर्ष एयरलाइंस में कई गंभीर खामियां मिली हैं

देश की शीर्ष एयरलाइंस में मिलीं 'गंभीर खामियां', DGCA के ऑडिट में हुआ खुलासा

लेखन आबिद खान
Sep 02, 2026
11:09 am

क्या है खबर?

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को ऑडिट के दौरान देश की शीर्ष एयरलाइंस में कई गंभीर खामियां मिली हैं। इंडिगो, एयर इंडिया, अकासा एयर और स्पाइसजेट के सुरक्षा ऑडिट के दौरान ये 'गंभीर खामियां' सामने आई हैं। ये घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब 16 से 20 सितंबर के बीच अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) भारत के नागरिक विमानन नियामक की जांच के लिए भारत का दौरा करने वाला है।

रिपोर्ट

सूत्र ने कहा- प्रमुख एयरलाइंस में मिलीं गंभीर खामियां

हिंदुस्तान टाइम्स को जांच से जुड़े लोगों ने बताया कि सुरक्षा ऑडिट के दौरान 'गंभीर निष्कर्ष' सामने आए हैं।

एक सूत्र ने कहा, "हालांकि ऑडिट में पाई गई कमियों और खामियों का विवरण अभी अज्ञात है, लेकिन इस ऑडिट के दौरान प्रमुख एयरलाइनों में गंभीर खामियां पाई गईं। संबंधित एयरलाइनों से DGCA को जवाब देने की अपेक्षा की जाती है, जिनकी जांच की जाएगी। अगर जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, तो कार्रवाई शुरू की जा सकती है।"

एयरलाइन

क्या कह रही हैं एयरलाइंस?

हिंदुस्तान टाइम्स को इंडिगो के एक अधिकारी ने बताया कि एयरलाइन ने DGCA की रिपोर्ट पर जवाब दिया है। हालांकि, खामियों को लेकर अधिकारी ने कुछ नहीं कहा।

वहीं, स्पाइसजेट और अकासा एयर के प्रवक्ताओं ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की।

हालांकि, एयर इंडिया के एक अधिकारी ने कहा, "DGCA द्वारा कुछ दौरे किए गए हैं और एयरलाइन को इसकी जानकारी है और वह ऑडिट होने का इंतजार कर रही है।"

ADVERTISEMENT

FAA

अमेरिकी FAA के दौरे से पहले सामने आईं खामियां

इसी महीने FAA की टीम भारत आने वाली है, जो यह जांच करेगी कि DGCA अंतरराष्ट्रीय विमानन मानकों का अनुपालन करता है या नहीं।

टीम मरम्मत केंद्रों, नौवहन और बुनियादी ढांचे का दौरा करेगी। इसके बाद FAA सुरक्षा मानक निर्धारित करता है और हवाई यातायात के लिए वैश्विक निगरानी प्रदान करता है।

FAA ने आखिरी बार 2021 में भारत का दौरा किया था।

भारत फिलहाल FAA के अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा मूल्यांकन कार्यक्रम के तहत श्रेणी 1 में आता है।

ADVERTISEMENT

हादसे

अहमदाबाद हादसे और इंडिगो संकट के बाद पहला दौरा

जून, 2025 में हुए अहमदाबाद विमान हादसे और 2025 के अंत में सामने आए इंडिगो संकट के बाद FAA का ये पहला दौरा है। अहमबादाब विमान हादसे की अंतिम रिपोर्ट अभी आना बाकी है, जिसमें कई विदेशी नागरिक भी मारे गए थे।

वहीं, इंडिगो संकट ने हवाई परिचालन व्यवस्था को लगभग ठप कर दिया था, जिसके बाद सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा था। इस दौरान हजारों उड़ानें रद्द हुई थीं।

ADVERTISEMENT