
कौन हैं ऐश्वर्य ठाकरे, जो अनुराग कश्यप की फिल्म 'निशानची' से बॉलीवुड में रख रहे कदम?
क्या है खबर?
बॉलीवुड जाने-माने निर्देशक और अभिनेता अनुराग कश्यप ने बीते दिन अपनी नई फिल्म का ऐलान किया था, जिसका नाम 'निशानची' है।
फिल्म के निर्देशन की कमान अनुराग ने संभाली है, वहीं फिल्म की कहानी भी उन्होंने ही लिखी है।
दिलचस्प बात यह है कि 'निशानची' के जरिए ऐश्वर्य ठाकरे अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। ऐसे में प्रशंसक उनके बारे में जानने के लिए उत्साहित हैं।
आइए जानें आखिर ऐश्वर्य हैं कौन।
परिवार
ऐश्वर्य को नहीं है राजनीति में रुचि
ऐश्वर्य एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के पोते हैं। ऐश्वर्य बाल ठाकरे के दूसरे बेटे दिवंगत जयदेव ठाकरे और उनकी दूसरी पत्नी स्मिता के बेटे हैं।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे उनके चाचा हैं।
इसके बावजूद ऐश्वर्य को राजनीति में कोई रुचि नहीं है, जिसके चलते उन्होंने फिल्मी दुनिया में अपना करियर बनाना चुना है और इसके लिए वह कड़ी मेहनत भी कर रहे हैं।
करियर
संजय लीला भंसाली के साथ काम कर चुके हैं ऐश्वर्य
ऐश्वर्य ने बॉलीवुड में अपनी शुरुआत संजय लीला भंसाली की फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' से की थी। वे इस फिल्म के सहायक निर्देशक थे। अब ऐश्वर्य अभिनेता के रूप में अपनी शुरुआत करने जा रही हैं।
ऐश्वर्य को इंस्टाग्राम पर 11 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। हालांकि, वह सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय नहीं रहते।
इंस्टाग्राम पर ऐश्वर्य ने केवल 5 पोस्ट साझा किए हुए हैं, जिसमें एक उनकी पहली फिल्म 'निशानची' का टीजर शामिल है।