'धुरंधर' पर फिदा हुए शत्रुघ्न सिन्हा, बोले- प्रोपेगैंडा कैसा? सिनेमा का बेजोड़ नमूना है ये
क्या है खबर?
आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' को लेकर बॉलीवुड में बहस छिड़ गई है। फिल्म पर लग रहे 'प्रोपेगैंडा' के आरोपों के बीच अब दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा खुलकर फिल्म के बचाव में उतरे हैं। उन्होंने न केवल इन आरोपों को खारिज किया, बल्कि फिल्म की जमकर तारीफ करते हुए इसे सिनेमा की एक बेमिसाल रचना बताया है। आइए जानते हैं शत्रुघ्न ने फिल्म की बुराई करने वालों को क्या जवाब दिया।
पोस्ट
शत्रुघ्न ने 'धुरंधर' को बताया पूरी ईमानदारी से बनाई गई फिल्म
शत्रुघ्न ने अपने नए पोस्ट में फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा, 'वाह! अभी सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली फिल्म 'धुरंधर' देखी, जो कि पूरी तरह से एक बेमिसाल कृति है। कैसी 'प्रोपेगैंडा' फिल्म? एक फिल्म, फिल्म होती है। ये एक शानदार फिल्म है, जो बहुत ही दिलचस्प, बांधे रखने वाली और मनोरंजन से भरपूर है, जिसे पूरी ईमानदारी के साथ बनाया गया है। इसके लिए जो सेट बनाए गए हैं, वो भी बड़े वास्तविक और खूबसूरत लगते हैं।'
सराहना
शत्रुघ्न ने फिल्म की टीम और क्रू को किया सलाम
शत्रुघ्न की मानें तो तकनीकी रूप से भी ये फिल्म शानदार है और इसकी एडिटिंग (संपादन) बेहतरीन है। सिनेमैटोग्राफर अपने बेहतरीन काम के लिए तालियों के हकदार हैं। उन्होंने लिखा, 'पूरी प्रतिभाशाली टीम और क्रू को बधाई, जिन्होंने इस फिल्म को एक विजुअल ट्रीट (आंखों को सुकून देने वाला अनुभव) बना दिया है। हर किसी का काम जबरदस्त है।' शत्रुघ्न ने फिल्म में काम करने वाले कुछ कलाकारों की खासतौर से तारीफ की।
अभिनय
रणवीर, संजय और अक्षय की तारीफ
अभिनेता लिखते हैं, 'हमारे एकमात्र रणवीर सिंह इस रोल के लिए एकदम फिट हैं और उन्होंने लाजवाब काम किया है। महान दिवंगत सुनील दत्त के काबिल बेटे संजय दत्त शानदार हैं। हमारे प्रिय और महान विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना ने एक असाधारण भूमिका निभाकर अपनी एक अलग पहचान बनाई है और अपने बेदाग अभिनय से गहरी छाप छोड़ी है। आदित्य धर का निर्देशन बहुत ही सटीक है और फिल्म की मार्केटिंग भी सही तरीके से की गई है।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए शत्रुघ्न सिन्हा का पोस्ट
Wow! Just happened to see the most talked about film an absolute masterpiece
— Shatrughan Sinha (@ShatruganSinha) February 25, 2026
'Dhurandhar'. What 'propaganda' film??? A film is a film is a film. It's a great film, gripping interesting & full of entertainment, made with sincerity. The sets too have been created beautifully in…
खासियत
राकेश बेदी का अभिनय फिल्म की सबसे खास बात
शत्रुघ्न ने अभिनेता राकेश बेदी के अभिनय को फिल्म की सबसे खास बात बताया। उनका कहना है कि राकेश ने अपनी अद्भुत भूमिका में जो संतुलन बनाया है, वो कोई और नहीं कर सकता था। 'शरारत' और 'इश्क जलाकर-कारवां' जैसे गानों को उन्होंने बार-बार सुनने लायक बताया। शत्रुघ्न के मुताबिक, आदित्य धर (निर्देशक) आज के सिनेमा के 'रोल मॉडल' बन गए हैं और उन्होंने एक ऐसी फिल्म दी है, जो दर्शकों के लिए किसी दावत से कम नहीं है।